बरेली: ओसवाल चीनी मिल पर लंबे समय से बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया है। भुगतान न मिलने से आर्थिक संकट झेल रहे किसानों ने मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
किसानों का कहना है कि ओसवाल चीनी मिल पर उनका करोड़ों रुपये का गन्ना भुगतान कई महीनों से लंबित है। भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण किसानों को खेती-किसानी के साथ-साथ घरेलू खर्चों के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर किसानों ने कई बार धरना-प्रदर्शन और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी आवाज उठाई है। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में किसान तहसील पहुंचे और अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।
किसानों और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह के बीच इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान किसानों ने अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। चर्चा के बाद एडीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और मिल प्रबंधन से बातचीत की जाएगी तथा बकाया भुगतान के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।किसानों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद लंबे समय से अटका गन्ना भुगतान जल्द जारी होगा।

