Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
NATIONAL : 36 घंटे की बारिश ने मचाई तबाही: सूरत आधा डूबा, गुरुग्राम में हाईवे धंसा, जबलपुर में गिरी 5 मंजिला इमारत

NATIONAL : 36 घंटे की बारिश ने मचाई तबाही: सूरत आधा डूबा, गुरुग्राम में हाईवे धंसा, जबलपुर में गिरी 5 मंजिला इमारत

CN24 News Hindi 2 weeks ago

देशभर में मानसून अब आफत बनकर बरस रहा है। गुजरात से लेकर मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर राज्यों तक मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा असर गुजरात के सूरत में देखने को मिला, जहां महज 36 घंटे में 18 इंच बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया।

कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं, सड़कें दरिया में बदल गई हैं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा है।

सूरत में 36 घंटे में 18 इंच बारिश, 2100 लोगों का रेस्क्यू

गुजरात के सूरत में रिकॉर्ड बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में कमर तक पानी भर गया। तेज बहाव में कई कारें बह गईं और घरों-दुकानों में पानी घुस गया। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से करीब 2100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूरत और नवसारी में स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। लोगों से केवल जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।

गुरुग्राम में हाईवे धंसा, 10 किलोमीटर लंबा जाम

हरियाणा के गुरुग्राम में लगातार बारिश के कारण दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) का एक हिस्सा धंस गया। इसके चलते करीब 10 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कई इलाकों में दो-दो फीट तक पानी भर गया, जबकि जलभराव के कारण एक स्कूल बस भी सर्विस लेन के नाले में फंस गई।गुरुग्राम पुलिस ने हालात को देखते हुए निजी कंपनियों से कर्मचारियों को अगले कुछ दिनों तक वर्क फ्रॉम होम (WFH) देने की अपील की है।

जबलपुर में पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिरी

मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार शाम एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। हालांकि इमारत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।वहीं प्रदेश के पन्ना, छतरपुर और खंडवा समेत कई जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन सहित 28 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में बिजली गिरने से एक परिवार के तीन लोगों की मौत

राजस्थान के जालोर में तेज बहाव के बीच एक जीप नदी में पलट गई। वहीं चित्तौड़गढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

अरुणाचल में बाढ़-भूस्खलन से 94 हजार लोग प्रभावित

अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के 26 जिलों के 94 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक चार लोगों की मौत, 21 लोग घायल और दो महिलाएं लापता हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड, 4 की मौत

केरल के वायनाड जिले में टनल निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग अब भी लापता हैं। एनडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

रेल और हवाई सेवाओं पर भी असर

भारी बारिश का असर रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ा है। गुजरात में रेलवे ट्रैक पर जलभराव के कारण पश्चिम रेलवे ने 9 ट्रेनें रद्द कर दी हैं और कुछ ट्रेनों का रूट छोटा किया गया है।वहीं दिल्ली और मुंबई में खराब मौसम के कारण कई उड़ानें देरी से चल रही हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों से एयरपोर्ट रवाना होने से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचने की अपील की है।

देश के 95% हिस्से में पहुंचा मानसून, कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार मानसून देश के करीब 95 प्रतिशत हिस्से में पहुंच चुका है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और गोवा समेत कई राज्यों में अगले दो से चार दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कम समय में अत्यधिक बारिश, बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाएं अब पहले की तुलना में अधिक देखने को मिल रही हैं। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: CN24 News Hindi