दिल्ली: इंग्लैंड की दिग्गज महिला क्रिकेटर टैमी ब्यूमोंट ने ऐलान कर दिया है कि वो भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले टेस्ट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लेंगी. इसी के साथ उनके 17 साल के शानदार करियर का अंत हो जाएगा.
ब्यूमोंट ने साल 2009 में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया था. इसके बाद से वो इंग्लैंड की सबसे महान खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरी हैं.
ब्यूमोंट के 17 साल के लंबे करियर का अंत इंग्लैंड के ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स में होगा. ब्यूमोंट ने साल 2009 में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया था. ब्यूमोंट अपने करियर में इंग्लैंड की सबसे महान खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरी हैं. उन्होंने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर इंग्लैंड के लिए 8000 से ज्यादा रन बनाए हैं.
उन्होंने अपने करियर में इंग्लैंड के लिए कई यादगार प्रदर्शन किए हैं. साल 2023 में एशेज टेस्ट के दौरान उन्होंने 208 रनों की पारी खेली थी. इसी के साथ वो इंग्लैंड के लिए टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाली पहली महिला बल्लेबाज बनीं थीं. ब्यूमोंट का नाम उन पांच महिला खिलाड़ियों में है, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक लगाया है. ब्यूमोंट का सबसे यादगार प्रदर्शन साल 2017 में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के दौरान आया था. वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी थीं. उन्होंने 410 रन जड़े थे, जिसकी वजह से इंग्लैंड ने विश्व कप का खिताब जीता था.
ब्यूमोंट ने इंग्लैंड के लिए इतने लंबे समय तक खेलने को उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया. ब्यूमोंट ने बताया कि उन्हें यह देखकर खुशी मिलती है कि उनकी वजह से ना जाने कितने लड़के-लड़कियां क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित हुए हैं.
ब्यूमोंट ने कहा, "करीब 17 साल तक इंग्लैंड के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. जब मैं छोटी थी और मुझे क्रिकेट से प्यार हुआ, तब मुझे यह भी नहीं पता था कि इंग्लैंड के लिए क्रिकेट खेलना एक विकल्प हो सकता है. आज यह सोचकर मुझे बहुत खुशी होती है कि खासकर इस गर्मी में हमने कितनी लड़कियों और लड़कों को क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया है. साथ ही, हमारे देश में इस खेल ने जितनी तरक्की की है, उसे देखकर भी बेहद गर्व महसूस होता है."

