दिल्ली: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के लिए बुधवार को उनका 54वां जन्मदिन बेहद खास बन गया. क्रिकेट में उनके शानदार योगदान को सम्मान देते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें प्रतिष्ठित ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया है.
इस खास उपलब्धि पर गांगुली ने सोशल मीडिया के जरिए खुशी जाहिर करते हुए ICC और उसके चेयरमैन जय शाह का आभार व्यक्त किया.
गांगुली ने इसे अपने लिए बेहद खास सम्मान बताया. उन्होंने कहा कि क्रिकेट के महान खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम शामिल होना गर्व की बात है. साथ ही गांगुली ने यह भी कहा कि वह ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले सिर्फ 10वें भारतीय बन गए हैं, जिससे यह उपलब्धि उनके लिए और भी यादगार हो गई है. इसके अलावा उन्होंने आईसीसी चेयरमैन जय शाह को भी धन्यवाद कहा.
गांगुली ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "ICC और चेयरमैन जय शाह का मुझे ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल करने के लिए धन्यवाद. यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है. मैं उन 10 भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हो गया हूं, जिन्हें अब तक ICC हॉल ऑफ फेम में जगह मिली है. क्रिकेट के कुछ महान खिलाड़ियों के साथ इस सूची का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है."
गांगुली का भारतीय कप्तान और बल्लेबाज, दोनों के तौर पर बेहतरीन प्रदर्शन रहा है. गांगुली ने भारत के लिए कुल 424 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 107 अर्धशतक और 38 शतक की मदद से कुल 18575 रन जड़े हैं. गांगुली ने 113 टेस्ट में 7212 और 311 वनडे में 11363 रन बनाए हैं. वहीं, गांगुली ने भारत की 196 मैचों में कप्तानी की है. गांगुली की कप्तानी में भारत ने 97 मुकाबलों में जीत हासिल की है.

