दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल जल्द खत्म हो सकता है. बोर्ड उनके स्थान पर नेशनल क्रिकेट अकादमी (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को नई जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रहा है.
हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है.
अगरकर का चयनकर्ता के रूप में भविष्य मुश्किल में नजर आ रहा है. दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, उनका कार्यकाल अगले महीने समाप्त हो सकता है और बोर्ड नए मुख्य चयनकर्ता की तलाश में है. इस रेस में पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है.
गरकर का कार्यकाल जून 2026 में खत्म होना था, लेकिन BCCI ने उन्हें तीन महीने का एक्सटेंशन दिया था. माना जा रहा था कि उन्हें 2027 वनडे विश्व कप तक एक और विस्तार मिल जाएगा, लेकिन पिछले कुछ महीनों में हालात बदल गए हैं.
बताया जा रहा है कि रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर चयन समिति और टीम मैनेजमेंट के बीच काफी चर्चा हुई. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज को रोहित का आखिरी वनडे माना जा रहा था. यहां तक कि चयन समिति ने गौतम गंभीर की अगुआई वाले टीम मैनेजमेंट से रोहित को आगे की वनडे योजनाओं से बाहर रखने पर भी बातचीत की थी.
हालांकि, कहानी में बड़ा मोड़ तब आया, जब लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में रोहित ने शानदार शतक जड़ दिया. उनकी इस पारी के बाद चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर सवाल उठने लगे.
फिलहाल अगरकर को हटाने या उनकी जगह लक्ष्मण को चीफ सेलेक्टर बनाने पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है. सितंबर में होने वाली BCCI की वार्षिक आम बैठक (AGM) में इस मुद्दे पर चर्चा हो सकती है.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर भारत 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करता है, तो अगरकर को पद पर बनाए रखने पर भी विचार किया जा सकता है.

