दिल्ली: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने टेस्ट और वनडे टीम की कमान रहमत शाह को सौंपी है. ऐसे में रहमत अब मुख्य कप्तान के रूप में नई भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं. उनका मानना है कि यह जिम्मेदारी केवल टीम का नेतृत्व करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अफगानिस्तान क्रिकेट को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाने का अवसर भी है.
उन्होंने कहा कि बोर्ड ने उन पर, जो भरोसा जताया है, उसे वह मैदान पर बेहतर प्रदर्शन के जरिए सही साबित करने की पूरी कोशिश करेंगे.
रहमत शाह का कहना है कि टेस्ट क्रिकेट में अफगानिस्तान को दुनिया की शीर्ष आठ टीमों में स्थापित करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है. उनके अनुसार, यह लक्ष्य रातोंरात हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए लगातार मेहनत, बेहतर रणनीति और मजबूत घरेलू ढांचे की जरूरत होगी. उन्होंने संकेत दिया कि देश में प्रथम श्रेणी और रेड बॉल क्रिकेट को अधिक महत्व देकर भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करना टीम की सफलता की मजबूत नींव बनेगा.
वनडे प्रारूप को लेकर नए कप्तान ने भरोसा जताया कि अफगानिस्तान पहले से ही प्रतिस्पर्धी टीम है, लेकिन अब लक्ष्य केवल अच्छी टीम बने रहना नहीं, बल्कि विश्व की शीर्ष पांच टीमों में जगह बनाना है. उनका मानना है कि टीम में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और अगर खिलाड़ी निरंतर प्रदर्शन करते रहे तो आने वाले समय में बड़े देशों को भी चुनौती दी जा सकती है.
अगले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए रहमत शाह ने कहा कि लगभग एक वर्ष का समय टीम की तैयारियों के लिए पर्याप्त है. उनका मानना है कि खिलाड़ी लगातार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेल रहे हैं, जिससे उनकी लय बनी हुई है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू मुकाबलों के दौरान ऐसी परिस्थितियां तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, जो विश्व कप के मेजबान देश की पिचों से मेल खाती हों. इससे खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट से पहले जरूरी अनुभव मिलेगा.

