दिल्ली: एशिया कप (Asia Cup 2027) प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2027 में होने वाला एशिया कप बांग्लादेश में खेला जा सकता है. क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह टूर्नामेंट अगले साल 18 जून से 4 जुलाई 2027 के बीच आयोजित किया जा सकता है.
टूर्नामेंट के मैचों की मेजबानी बांग्लादेश के तीन शहरों (मीरपुर, चटगांव और सिलहट) को मिलेगी.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की सुरक्षा समिति के चेयरमैन सईद इब्राहिम अहमद ने मंगलवार को इस बारे में अहम जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एशियन क्रिकेट काउंसिल ने इन तीनों प्रस्तावित वेन्यू के बारे में पूरी डिटेल मांगी है और बोर्ड इस समय मेजबानी के प्लान को आखिरी रूप देने में जुटा है.
सईद इब्राहिम ने कहा, 'एसीसी ने हमसे संपर्क किया है और तीनों वेन्यू की पूरी जानकारी मांगी है. हमें उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में इस मामले पर सब कुछ तय हो जाएगा.'
जब उनसे बोगुरा के शहीद चंदू स्टेडियम के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह मैदान भी लिस्ट में है, लेकिन अभी यह उनकी पहली पसंद नहीं है. इब्राहिम ने साफ किया, 'हम बोगुरा वेन्यू पर भी काम कर रहे हैं, लेकिन उस मैदान को पूरी तरह संभालना एक अलग बात है. फिलहाल हमारा पूरा ध्यान ढाका, सिलहट और चटगांव पर ही है.'
बता दें कि बांग्लादेश ने आखिरी बार साल 2016 में एशिया कप की मेजबानी की थी, जो टी20 फॉर्मेट में खेला गया था. इब्राहिम को पूरा भरोसा है कि उनका देश 2027 के इस सीजन को भी शानदार तरीके से आयोजित करेगा, जो इस बार वनडे फॉर्मेट में खेला जाएगा.
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि हर वेन्यू को कम से कम एक मैच की मेजबानी जरूर मिले. हम फैंस के लिए एक सफल टूर्नामेंट आयोजित करना चाहते हैं.
साल 2027 का यह एशिया कप खेल के साथ-साथ राजनीतिक नजरिए से भी काफी चर्चा में रह सकता है. खासकर 2026 के टी20 वर्ल्ड कप के दौरान हुए विवाद और भारत-बांग्लादेश के क्रिकेट रिश्तों में आई कड़वाहट के बाद इस टूर्नामेंट पर सबकी नजरें होंगी. इससे पहले यूएई में हुए एशिया कप में भी खिलाड़ियों के बीच हाथ न मिलाने और तीखी बयानबाजी जैसे कई विवाद देखने को मिले थे, जिसे देखते हुए इस बार सुरक्षा और माहौल को शांत बनाए रखना आयोजकों के लिए बड़ी चुनौती होगी.

