दिल्ली: ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अभी तक IPL 2026 में अपनी टीम दिल्ली कैपिटल्स को ज्वाइन नहीं कर पाए हैं. टीम के साथ-साथ DC के फैंस भी स्टार्क का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
दिल्ली कैपिटल्स की टीम मौजूदा टूर्नामेंट में कल अपना तीसरा मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलेगी. इस मुकाबले से पहले मुनाफ पटेल ने स्टार्क को लेकर अहम अपडेट दिया है.
टीम के गेंदबाजी कोच मुनाफ ने बताया है कि स्टार्क के भारत आने को लेकर आखिरी फैसला क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फिजियो ही लेंगे. वहीं, मुनाफ का कहना है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि स्टार्क मैदान पर कब एक्शन में दिखेंगे.
बता दें कि IPL के 19वें सीजन के शुरू होने से पहले ही यह साफ हो गया था कि स्टार्क शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे. पहले ऐसा माना जा रहा था कि इंटरनेशनल मैचों के बिजी शेड्यूल को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनके वर्कलोड को मैनेज कर रहा है. हालांकि, कुछ दिनों बाद 36 साल के इस गेंदबाज ने खुद बताया कि उन्हें चोट लगी है और वह ठीक होते ही जल्द से जल्द दिल्ली के कैंप से जुड़ना चाहते हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब मुनाफ से पूछा गया कि स्टार्क कब तक दिल्ली के स्क्वॉड को ज्वाइन करेंगे, तो उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कोई अपडेट नहीं है कि वह कब टीम के साथ जुड़ेंगे. इस पर असली जानकारी ऑस्ट्रेलिया के डॉक्टर्स और फिजियो ही दे पाएंगे.
हालांकि, इस दौरान मुनाफ ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज की तारीफ में कसीदे पढ़ते नज़र आए. DC के गेंदबाजी कोच का कहना है कि आईपीएल में स्टार्क से बड़ा कोई गेंदबाज नहीं है और सिर्फ जसप्रीत बुमराह ही उनके करीब पहुंच सकते हैं. इस संदर्भ में मुनाफ ने कहा,
'हमारी टीम टूर्नामेंट में खेले दोनों मैच जीत चुकी है, इसलिए ऐसा लग रहा है कि हमें मिचेल स्टार्क की कमी नहीं खल रही है. कोई उन्हें याद नहीं कर रहा क्योंकि हम अच्छा कर रहे हैं, लेकिन टीम में उनकी भूमिका बहुत बड़ी है. वह दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं. वह हमेशा एक बड़े गेंदबाज रहेंगे. मुझे नहीं लगता कि गेंदबाजी के मामले में आईपीएल में उनसे बड़ा कोई है. मुझे मुताबिक आप सिर्फ जसप्रीत बुमराह की ही उनसे तुलना कर सकते हैं.'
मुनाफ ने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा कि स्टार्क के पास बहुत अनुभव है. वह नई गेंद से कमाल करना जानते हैं. हम उनकी रिकवरी पर नज़र रखे हुए हैं. मैं लगातार उन लोगों से बात करता रहता हूं जिन्हें उनकी उपलब्धता और टीम से जुड़ने के समय के बारे में जानकारी है.

