सलमान अली आगा ने 9 स्थानों की लगाई छलांग
बांग्लादेश के विरुद्ध तीसरे वनडे में शतकीय पारी खेलने वाले सलमान अली आगा को आईसीसी की तरफ से इनाम मिल गया है. वह वनडे रैंकिंग में अब 10वें नंबर पर काबिज हो गए हैं.
दिल्ली: आज आईसीसी द्वारा रैंकिंग की अपडेट जारी की गई. पिछले हफ्ते में ज्यादा टी20 अन्तर्राष्ट्रीय मैच नहीं हुए थे, इसी वजह से इस फॉर्मेट में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिले. हालांकि, वनडे फॉर्मेट की रैंकिंग में कुछ खिलाड़ियों को जबरदस्त फायदा पहुंचा है. इसमें पाकिस्तान की टी20 टीम के कप्तान सलमान अली आगा का नाम भी शामिल है. उन्होंने लंबी छलांग लगाते हुए वनडे के टॉप-10 बल्लेबाजों की लिस्ट में एंट्री ले ली है.
सलमान अली आगा की टॉप-10 में एंट्री
वनडे फॉर्मेट में डेरिल मिचेल अभी भी नंबर 1 की पोजीशन पर बरकरार हैं. वहीं, विराट कोहली 791 रेटिंग पॉइंट्स की मदद से दूसरे पायदान पर मौजूद हैं. टॉप-5 बल्लेबाजों में तीन भारतीय (रोहित शर्मा चौथे, शुभमन गिल पांचवें) हैं.
आगा को तीसरे वनडे में बांग्लादेश के खिलाफ शतकीय पारी खेलने का फायदा मिला है. उन्होंने 9 स्थानों की छलांग लगाकर दसवें पायदान पर कब्जा जमा लिया है. आगा टॉप-10 में शामिल होने वाले दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं. बाबर आजम छठे नंबर पर हैं, जिनके 684 रेटिंग पॉइंट्स हैं.
मोहम्मद रिजवान 2 पायदान नीचे खिसके
बांग्लादेश के विरुद्ध वनडे सीरीज में फ्लॉप प्रदर्शन करने वाले रिजवान को ताजा वनडे रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ा है. वह दो पायदान नीचे खिसक गए हैं. रिजवान 24वें से 26वें नंबर पर पहुंच गए हैं. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने बांग्लादेशी टीम के विरुद्ध 3 मुकाबलों में 58 रन बनाए थे.
वहीं, तंजीद हसन की रैंकिंग में जबरदस्त सुधार देखने को मिला है. उनको 31 स्थानों का फायदा मिला है. हसन ने अब 55वां स्लॉट हासिल कर लिया है. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में एक अर्धशतक और एक शतक लगाया था. उन्होंने टीम को 11 सालों बाद पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
श्रेयस अय्यर को एक स्थान का हुआ नुकसान
स्टार भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को एक पायदान का नुकसान हुआ है. वह 13वें से 14वें पायदान पर आ गए हैं. अय्यर के अलावा हैरी ब्रूक, जो रूट, कुसल मेंडिस, क्विंटन डी कॉक और रचिन रविंद्र भी 1-1 पायदान नीचे खिसक गए हैं.

