दिल्ली: भारतीय टीम को मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में बहुत ही शर्मनाक हार झेलनी पड़ी. इंग्लैंड ने भारत को 125 रनों से हरा दिया. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 202 रनों का लक्ष्य दिया था.
जवाब में जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की घातक गेंदबाजी की आगे टीम इंडिया सिर्फ 76 रनों पर ही सिमट गई.
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था. इंग्लैंड के लिए ओपनिंग करने आए जोस बटलर और फिल साल्ट ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. बटलर ने सिर्फ 21 गेंदों में 36 रन ठोके. उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए. बटलर को प्रिंस यादव ने जबरदस्त यॉर्कर से बोल्ड कर दिया. इसके कुछ ही देर बाद प्रिंस ने कप्तान हैरी ब्रूक को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया. ब्रूक 16 रन बनाकर आउट हुए.
प्रिंस के बाद हर्षित राणा ने इंग्लैंड के दो बल्लेबाजों को लगातार दो गेंदों पर पवेलियन भेजा. उन्होंने पहले जैकब बीथेल को कैच आउट कराया. बीथेल के बाद उन्होंने अगली ही गेंद टॉम बैंटन को आउट कर दिया. इस दौरान साल्ट ने जबरदस्त अर्धशतक लगाया. साल्ट ने इसके बाद सैम करन के साथ पांचवें विकेट के लिए 26 गेंदों में 47 रन जोड़े. साल्ट 7 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 44 गेंदों में 70 रन बनाकर आउट हुए. साल्ट के आउट होने के बाद छठे विकेट के लिए करन ने विल जैक्स के साथ 17 गेंदों में 34 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी की. करन ने 24 गेंदों में 41 रनों की तूफानी पारी खेली. वहीं, जैक्स ने सात गेंदों में 14 रन ठोके. जिसकी वजह से इंग्लैंड ने 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए. भारत के लिए हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट लिए.
202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की गेंदबाजी के आगे घूटने टेक दिए. भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने बनाए. दोनों ने 13-13 रनों की पारी खेली. इसके अलावा बाकी सभी बल्लेबाज 10 या उससे कम के स्कोर पर आउट हो गए. जोफ्रा आर्चर ने इंग्लैंड के लिए तीन, वहीं टंग ने चार विकेट झटके. आर्चर ने वैभव, अय्यर और अक्षर को आउट किया. जबकि, टंग ने अभिषेक शर्मा, ईशान, हर्षित राणा और शिवम दुबे को पवेलियन का रास्ता दिखाया. इसके अलावा आदिल राशिद ने दो विकेट झटके. जिसकी वजह से भारतीय टीम सिर्फ 76 रनों पर ढेर हो गई और मैच 125 रनों से गंवा दिया. भारत की ये टी20 इंटरनेशनल में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी हार है. आर्चर को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
भारतीय टीम सीरीज में 2-0 से पिछड़ गई है. भारत का यहां से सीरीज जीतने का सपना टूट गया है. भारत अब सीरीज को ड्रॉ करा सकती है. दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था. इसके बाद इंग्लैंड ने भारत को दूसरे मैच में छह विकेट से मात दी थी. वहीं, भारत को तीसरे मुकाबले में भी हार का सामना करना पड़ा है.

