दिल्ली: आईपीएल 2026 का एक बड़ा अनोखा सच ये है कि सीजन खत्म होने से पहले ही 'विकेट' गिरना शुरू हो गया था। ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ी; हार्दिक पांड्या के कप्तानी तो क्या मुंबई इंडियंस को ही छोड़ने की चर्चा लीग राउंड के दौरान ही शुरू हो गई थी और चेन्नई सुपर किंग्स एवं मुंबई इंडियंस की 'महान विरासत' के अंत पर एक और सीजन के नतीजों की मोहर लगी।
सबसे बड़ी बात ये कि इन दोनों विरासत के अंत की सबसे बड़ी वजह के तौर पर इनका दो ख़ास खिलाड़ियों के साथ 'मोह' भी सामने आ गया। अगर चेन्नई का एमएस धोनी के साथ मोह उनके लिए जिम्मेदार रहा तो मुंबई इंडियंस को हार्दिक पांड्या का 'मोह' ले डूबा।
नौबत ये आ गई थी कि सीजन के बीच में ही हार्दिक के डूबते जहाज को छोड़ भागने वाले कप्तान की तर्ज पर, टीम को छोड़ने की चर्चा शुरू हो गई थी। मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर सीजन खत्म होने पर जरूर हार्दिक ने राहत की सांस ली होगी। बहरहाल खबरों से वे दूर नहीं हुए और उनके ऑक्शन पूल में जाने से पहले ही, ट्रेडिंग विंडो खुलने पर किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के साथ ट्रेड किए जाने का मुद्दा खूब गर्म है। इस चर्चा में चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम तो सामने आ ही चुका है। उम्मीद करें कि अब हार्दिक को लेने वाली टीम ने, जो मुंबई इंडियंस में उनके आने से हुआ, उसे अच्छी तरह से स्टडी कर लिया होगा।
मुंबई इंडियंस को तो असल में ये स्टडी करानी चाहिए कि हार्दिक को गुजरात टाइटन्स से वापस लाने से उन्होंने क्या खोया और क्या पाया? एक ऐसे समय में जब रोहित शर्मा तीनों फॉर्मेट में भारत के कप्तान थे, वे हार्दिक को मुंबई इंडियंस टीम में वापस लाए और रोहित की जगह कप्तान बना दिया। वहां से अहंकार का टकराव ऐसा शुरू हुआ कि आईपीएल 2026 के बाद तो हार्दिक ने साफ़ कह दिया कि जिन्हें वे टीम इंडिया के कप्तान के तौर पर, खुद बेहतर खेल से सपोर्ट करते रहे, उन्होंने भी उन्हें सपोर्ट न किया। इशारा साफ़ था कि वे किसकी बात कर रहे हैं।
यहां तक कि हार्दिक ने तो टीम के दो ग्रुप में बंटे होने और अन्य कुछ सीनियर से भी सपोर्ट न मिलने की बात भी कर दी। तो बात साफ हो गई कि हार्दिक को लाने से मुंबई इंडियंस टीम ऐसी बिखर गई कि उसे सही करने के लिए कुछ तो ख़ास एक्शन होना जरूरी था। वही हो रहा है और हार्दिक का टीम से जाना लगभग तय है। दुर्भाग्य ये भी रहा कि टीम के खराब नतीजे के साथ हार्दिक की अपनी खराब फॉर्म भी जुड़ गई और वे मैच विनर नजर ही नहीं आए।
इस तरह हार्दिक, मुंबई इंडियंस में लौटे लेकिन दोनों ने सब कुछ खो दिया। हार्दिक पांड्या के लिए गुजरात टाइटन्स में जाना और सीधे कप्तान बनना एक प्रमोशन की तरह ही था। आईपीएल 2022 ट्रॉफी जीती और 2023 में गुजरात टाइटन्स ने लगातार दूसरा फ़ाइनल खेला। मुंबई इंडियंस ने जब 'अपने ही एक खिलाड़ी' को दूसरी फ्रेंचाइजी में कामयाब होते देखा तो उन्हें लगा कि भविष्य की इसकी बेहतर तैयारी और कोई नहीं हो सकती कि हार्दिक को ले आएं। सोच गलत नहीं थी पर जिस तरीके से टीम मैनेजमेंट ने ग्राउंड और पेपर पर इसे साकार किया, उस में वे घोटाला कर गए।
ये साफ़ होने में देरनहीं लगी कि रोहित शर्मा को भविष्य की तैयारी के प्रोजेक्ट में शामिल न कर, उन्हें तो 'आउट' किया है और वहीं से बात बिगड़ गई। शायद ये अंदाजा था कि इस डेवलपमेन्ट के बाद रोहित शर्मा किसी और टीम में चले जाएंगे पर वह भी न हुआ और रोहित को अहसास था अपनी उम्र का। वे खुद मुंबई इंडियंस से गए नहीं, मुंबई इंडियंस वाले उन्हें हटा नहीं पाए और मुंबई इंडियंस का सोशल मीडिया पर हर जगह गर्व से 'कैप्टन पांड्या' लिखना चुभता चला गया।
हार्दिक की कप्तानी का स्टाइल युवा खिलाड़ियों को सपोर्ट करने और उन्हें कॉन्फिडेंस देने के बारे में था लेकिन खुद फ्रेंचाइजी ये भूल गए कि टीम तो स्टार खिलाड़ियों से भरी है और कोई भी गलत एक्शन उल्टा पड़ सकता है। वही हुआ और टीम डूब गई तथा हार्दिक खुद नीचे आ गए। अब वे तो किसी दूसरी टीम में चले जाएंगे और नई शुरुआत करेंगे पर मुंबई इंडियंस की क्रिकेट को सही राह पर लाने में समय लगेगा। वे इतना बैकफुट पर आ चुके हैं कि वापसी आसान नहीं रह गई है। फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों की भावनाओं या फैंस के लगाव की कोई परवाह नहीं की और वही किया जिससे उन्हें अपना फायदा नजर आया।
हार्दिक पांड्या की फ्रेंचाइजी में वापसी के बाद से बढ़ते मतभेद, ड्रेसिंग रूम लीक और अंदरूनी कड़वाहट ने मुंबई इंडियंस को परेशान ही किया है। इस कलह ने फोकस टीम की बेहतरी से हटा लिया। मुंबई इंडियंस को आईपीएल ट्रॉफी जीते 6 साल हो गए हैं (आखिरी टाइटल 2020 सीज़न में रोहित शर्मा की कप्तानी में) लेकिन 2024 में रोहित की जगह हार्दिक पांड्या के टीम लीडर बनने के बाद से सब बिगड़ता चला गया और आज कप्तान खुद ट्रेड के जरिए टीम से जाने के कगार पर है। किसने क्या खोया और क्या पाया?

