दिल्ली: श्रीलंकाई तेज गेंदबाज नुवान तुषारा अब तक IPL 2026 का हिस्सा नहीं बन पाए हैं, जिसकी वजह उन्हें श्रीलंका क्रिकेट से NOC का न मिलना है. बता दें कि तुषारा आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का हिस्सा हैं, लेकिन अब तक वो फ्रेंचाइजी को ज्वाइन नहीं कर पाए हैं.
तुषारा ने अब NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) हासिल करने के लिए कोर्ट की मदद ली है.
दरअसल, तुषारा ने श्रीलंका क्रिकेट पर NOC न देने का आरोप लगाया है. RCB के तेज गेंदबाज ने कोलंबो जिला अदालत में याचिका दाखिल कर दी है. उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट से IPL के 19वें सीजन में खेलने के लिए NOC जारी करने की मांग की है. कोर्ट ने मामले की गंभीरता को समझते हुए एक बार सुनवाई की है और अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 अप्रैल को होगी.
श्रीलंका क्रिकेट ने IPL के आगामी सीजन के शुरू होने से पहले ही बता दिया था कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए श्रीलंका टीम के खिलाड़ियों को फिटनेस टेस्ट पास करना होगा. तुषारा इस टेस्ट में तय मानकों पर खरे नहीं उतर पाए थे, जिसके चलते उन्हें NOC नहीं मिला था. बता दें कि NOC के बिना कोई भी विदेशी खिलाड़ी IPL में हिस्सा नहीं ले सकता.
तुषारा ने कोर्ट को दिए अपने बयान में बताया है कि उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 31 मार्च 2026 को खत्म हो गया है. उन्होंने पहले ही बोर्ड को कह दिया था कि उनका सालाना कॉन्ट्रैक्ट आगे न बढ़ाया जाए, क्योंकि वो कुछ समय के लिए अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहना चाहते थे. तुषारा ने कहा कि जब वो राष्ट्रीय टीम का हिस्सा ही नहीं है, तो बोर्ड का NOC को न देना पूरी तरह से गलत है.

