Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
क्रिकेट टीम में चयन नहीं होने पर भारत की 17 वर्षीय महिला खिलाड़ी ने दी जान

क्रिकेट टीम में चयन नहीं होने पर भारत की 17 वर्षीय महिला खिलाड़ी ने दी जान

Crictoday 2 weeks ago

दिल्ली: नागपुर में एक 17 साल की उभरती हुई महिला क्रिकेटर अदिति मोरेश्वर चौकांडे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर अपनी जिंदगी समाप्त कर ली. यह दुखद घटना बुधवार तड़के लक्ष्मीनगर इलाके स्थित उसके घर में सामने आई, जहां वह फंदे से लटकी हुई मिली.

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू कर दी. शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवती पिछले कुछ समय से अपने क्रिकेट करियर को लेकर काफी तनाव में थी.

मूल रूप से अकोला जिले की रहने वाली यह खिलाड़ी अपनी मां के साथ पिछले दो वर्षों से नागपुर में रह रही थी. वह एक लोकल क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास कर रही थी और भविष्य में बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलने का सपना देख रही थी. परिवार के मुताबिक, उसने अपने खेल को लेकर काफी मेहनत की थी. उसका भाई भी क्रिकेट से जुड़ा हुआ है और खेल के क्षेत्र में सक्रिय है.

पुलिस को घटनास्थल से हाथ से लिखा हुआ एक नोट मिला है, जिसमें लिखा था कि उसका चयन नहीं हुआ. माना जा रहा है कि हाल ही में घोषित विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की चयन सूची में नाम नहीं आने के कारण वह गहरे मानसिक दबाव में थी. हालांकि, पुलिस का कहना है कि केवल इस नोट के आधार पर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता और सभी पहलुओं की विस्तार से जांच की जा रही है.

पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के असली कारणों की पुष्टि की जाएगी.

गौरतलब है कि अगर कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, आत्महत्या के विचार या इससे जुड़े संकट से गुजर रहा हो, तो उसे अपने परिवार, मित्रों या किसी सलाहकार से तुरंत संपर्क करना चाहिए. समय पर मिली सहायता किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Crictoday