दिल्ली: कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) के मौजूदा सीजन में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स और बारबाडोस ट्राइडेंट्स के बीच खेले गए मुकाबले में जमकर रन बरसे. इस दौरान, बारबाडोस ट्राइडेंट्स की ओर से खेल रहे दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने शानदार शतक लगाकर टी20 क्रिकेट में एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली.
बाएं हाथ के बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने महज 57 गेंदों पर 106 रन की तूफानी पारी खेली. उन्होंने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और अपनी पारी को शतक तक पहुंचाया. डी कॉक ने चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया. उनकी इस पारी की बदौलत बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने स्कोरबोर्ड पर एक मजबूत स्कोर खड़ा किया. हालांकि, सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.
क्विंटन डी कॉक का यह टी20 क्रिकेट में 10वां शतक रहा. खास बात यह है कि यह उपलब्धि उन्होंने अपने 457वें टी20 मुकाबले में हासिल की. इस शतक के साथ वह दुनिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने इस प्रारूप में लगातार अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है.
डी कॉक अब टी20 क्रिकेट में शतकों के मामले में विराट कोहली और डेविड वॉर्नर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. तीनों बल्लेबाजों के नाम इस प्रारूप में 10-10 शतक दर्ज हैं.
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल अब भी सबसे आगे हैं. उनके नाम कुल 22 शतक दर्ज हैं, जबकि पाकिस्तान के धाकड़ बैटर बाबर आजम 13 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद हैं. इसके बाद, डी कॉक, कोहली और वॉर्नर का नंबर आता है.

