दिल्ली: करीब इंग्लैंड दौरे के एक साल बाद भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने अपनी नाराजगी आखिरकार जाहिर कर दी है. उनका मानना है कि शुभमन गिल-गौतम गंभीर ने दौरे पर उनका ठीक तरह से इस्तेमाल नहीं किया.
शार्दुल का कहना है कि उन्हें भारत के लिए और खेलने का मौका मिलना चाहिए था.
पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में शार्दुल को सिर्फ दो मैचों में खेलने का मौका मिला. इस दौरान उन्होंने 27 ओवर गेंदबाजी कर दो विकेट झटके. वहीं बल्लेबाजी में उन्होंने 46 रन बनाए. शार्दुल ने डोमेस्टिक क्रिकेट के 2026-27 सीजन की शुरुआत से पहले रिपोर्टर्स से बात करते हुए कहा कि गेंदबाजी में उनका ठीक तरह से इस्तेमाल नहीं हुआ. वहीं उनका माननाा है कि उन्होंने बल्लेबाजी अच्छी की थी.
शार्दुल ने कहा, "जब मैंने इंग्लैंड में खेला, तो गेंदबाजी में मेरा सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया गया. बल्लेबाजी में जरूर मुझसे गलती हुई थी. लीड्स टेस्ट में मैंने खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया. लेकिन मैनचेस्टर टेस्ट में मैंने अच्छी बल्लेबाजी की थी." बता दें कि मैनचेस्टर में शार्दुल ने 88 गेंदों में 41 रन बनाए.
शार्दुल का मानना है कि बात सिर्फ कम गेंदबाजी की नहीं तो, उनके मुताबिक उन्हें गलत समय पर भी गेंदबाजी कराई गई थी. शार्दुल ठाकुर ने कहा, "मैं सिर्फ इतना नहीं कहूंगा कि मुझसे कम गेंदबाजी कराई गई, बल्कि मुझे गलत समय पर गेंदबाजी दी गई. मेरे हिसाब से इसमें रणनीति बनाने में कुछ गलती हुई थी."
शुभमन गिल पहली बार टेस्ट कप्तान के तौर पर इंग्लैंड दौरे पर ही दिखे थे. इस दौरान उनकी टीम ने सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था. भारत ने ये सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई थी. गिल ने इस सीरीज में बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने 754 रन ठोक दिए थे.

