दिल्ली: गुजरात टाइटंस (GT) को आईपीएल (IPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों पांच विकेटों से हार का सामना करना पड़ा. गुजरात की इस हार का जिम्मेदार कप्तान गिल ने बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजों को भी ठहराया है.
उनका मानना है कि उनकी टीम ने बल्लेबाजी करते हुए शुरुआत में विकेट गंवा दिए. वहीं गेंदबाजी के समय में वो विकेट लेने में असफल रहे.
गिल ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों को ही टीम की हार का कारण बताया. उनका मानना है कि बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना पाए. अगर वो 180-190 तक बना देते तो, मुकाबला और अच्छा होता. वहीं वहीं गेंदबाज भी पावरप्ले में विकेट लेने में असफल रहे.
गिल ने मैच के बाद बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि अगर हम 180-190 रन के करीब पहुंच जाते तो मुकाबला काफी अच्छा और प्रतिस्पर्धी होता. हमने देखा है कि जब भी हम यहां खेले हैं, शुरुआती 3-4 ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है. हमने जल्दी कुछ विकेट गंवा दिए और फिर बीच के ओवरों में हमारी लय टूट गई. हम तेजी से रन नहीं बना सके. लेकिन हमें पता था कि यह फाइनल है. 150-160 रन का स्कोर भी ऐसा था कि अगर हम पावरप्ले में 2-3 विकेट निकाल लेते तो मैच में बने रह सकते थे. मुझे लगता है कि हमने पावरप्ले में 15-20 रन ज्यादा दे दिए. अगर हम उन्हें 50-55 रन तक रोक लेते तो हमारे पास मौका बना रहता. लेकिन उन्होंने पावरप्ले में हमसे बढ़त हासिल कर ली.'
कप्तान गिल के लिए आईपीएल 2026 शानदार रहा है. गिल इस सीजन में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे. गिल ने 16 मैचों में लगभग 46 की औसत से 732 रन बनाए. गिल का इस दौरान स्ट्राइक रेट 163.03 का रहा. गिल के बल्ले से इस सीजन में छह अर्धशतक और एक शतक आया. गिल ने अपनी टीम के लिए इस सीजन में काफी मेहनत की. लेकिन वो ट्रॉफी नहीं जीत पाए. फैंस को उम्मीद होगी कि गिल अगले सीजन में भी ऐसा प्रदर्शन कर टीम को ट्रॉफी जिताने का प्रयास करेंगे.

