दिल्ली: महान बल्लेबाज विराट कोहली ने छक्का लगाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ रविवार को आईपीएल (IPL) 2026 का खिताब जिताया. कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रनों की पारी खेली.
कोहली को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. मैच के बाद कोहली ने बात करते हुए बताया कि उनका सपना था कि विजयी रन उनके बल्ले से आए.
कोहली ने बताया कि उनका सपना था कि टीम के विजयी रन उनके बल्ले से आए. कोहली का सपना अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पूरा हो गया. कोहली ने छक्का लगाकर अपनी टीम को लगातार दूसरी ट्रॉफी दिलाई.
कोहली ने मैच के बाद बात करते हुए कहा, 'यह वही पल है जिसका हर खिलाड़ी सपना देखता है. मैंने कई बार सोचा था कि जब हम IPL जीतेंगे तो मैं मैदान पर मौजूद रहूं और विजयी रन मेरे बल्ले से आएं. आज ऐसा हो गया, इसलिए यह हमारे लिए सपनों जैसा दिन है. मैच के तुरंत बाद भी मैंने कहा था कि आज हम काफी रिलैक्स और आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरे थे. हमें अपनी योजना और अपनी टीम पर पूरा भरोसा था. इसी भरोसे की वजह से आप किसी भी स्थिति का सामना कर पाते हैं. लक्ष्य का पीछा करते हुए मैं पूरी तरह सहज था और मुझे पता था कि मुझे क्या करना है.'
कोहली ने अपने IPL करियर का सबसे तेज अर्धशतक लगाया. कोहली ने 25 गेंदों में फिफ्टी जड़ी. इस पर बात करते हुए कोहली ने कहा, 'असल में आज के क्रिकेट की यही मांग है. युवा खिलाड़ी लगातार आपको चुनौती देते हैं और अपने खेल में बदलाव करने के लिए मजबूर करते हैं. यह रोमांचक भी है क्योंकि इससे आपको खुद को बेहतर बनाने का मौका मिलता है. मुझे अपने खेल में सुधार करने पर गर्व है. आज के क्रिकेट में टीम के लिए 20-30 अतिरिक्त रन बनाना जरूरी हो गया है. इसलिए मुझे अपना नजरिया बदलना पड़ा. मैंने अपने शॉट्स नहीं बदले, लेकिन उन्हें ज्यादा बार खेलने और विपक्ष के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों पर हमला करने की कोशिश की. यही मेरा लक्ष्य था. खुशी है कि मैं टीम के लिए योगदान दे सका.'
कोहली ने ट्रॉफी जीतने के बाद आरसीबी फैंस के लिए खास संदेश दिया. कोहली ने कहा, 'मैं हमेशा कहता हूं कि हमारे सिर्फ सात घरेलू मैच नहीं होते, बल्कि 14 होते हैं. क्योंकि हम जहां भी खेलते हैं, वहां RCB के फैंस हमारी टीम का समर्थन करते हैं.
आज भले ही गुजरात घरेलू टीम थी, लेकिन स्टेडियम में 90 प्रतिशत लोग RCB को समर्थन दे रहे थे. यह प्यार हमने सालों में कमाया है. हम लगातार अपने फैंस को गर्व महसूस कराने की कोशिश करते हैं. उनका समर्थन हमारे लिए अनमोल है. मुझे खुशी है कि आज वे हमें ट्रॉफी उठाते हुए देख पाए और इस खास पल का हिस्सा बने.'
कोहली का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन शानदार रहा. कोहली अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे. कोहली ने 56.25 की औसत से 675 रन बनाए. कोहली का इस दौरान स्ट्राइक रेट 165.85 का रहा. कोहली के बल्ले से 5 अर्धशतक और एक शतक आया. कोहली ने पूरे सीजन में अपनी टीम के लिए बल्ले से काफी अहम भूमिका निभाई. जिसकी वजह से आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल का ट्रॉफी जीता.

