दिल्ली: द हंड्रेड मेंस 2026 में मंगलवार को रायन रिकल्टन, हैरी ब्रूक और मिचेल मार्श की तूफानी पारी की बदौलत सनराइजर्स लीड्स ने इतिहास रच दिया. सनराइजर्स ने टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया.
टीम की तरफ से कुल 21 छक्के लगे. लंदन स्पिरिट के खिलाफ हेडिंग्ले में हुए मुकाबले में सनराइजर्स ने 100 गेंदों में 241 रन ठोक दिए. रिकल्टन, मार्श और ब्रूक तीनों ने ही शानदार अर्धशतक लगाया. सनराइजर्स ने यह मुकाबला 37 रन से अपने नाम किया.
लंदन ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. उनका यह निर्णय टीम पर भारी पड़ा. सनराइजर्स के लिए ओपनिंग आए मार्श और रिकल्टन ने पहली ही गेंद से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी. मार्श ने छह चौकों और सात छक्कों की मदद से सिर्फ 37 गेंदों में 76 रन जड़ दिए. वहीं, रिकल्टन शतक लगाने से सिर्फ छह रन से चुक गए. उन्होंने 42 गेंदों में 94 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. विकेटकीपर बल्लेबाज ने अपनी पारी में छह चौके और आठ गगनचुंबी छक्के लगाए.
लंदन की पिटाई का सिलसिला यहां नहीं रूका. इसके बाद तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ब्रूक ने भी गेंदबाजों की जमकर पिटाई की. उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में 55 रनों की तूफानी पारी खेली. ब्रूक ने अपनी पारी में पांच चौके और इतने ही छक्के भी जड़े. सनराइजर्स की पारी में कुल 21 छक्के लगे. वहीं उनकी पारी में 18 चौके भी देखने को मिले, जिसकी बदौलत सनराइजर्स ने टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया. टीम ने दो विकेट के नुकसान पर 241 रन बनाए.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लंदन की शुरुआत खराब रही. जॉनी बेयरेस्टो बिना खात खोले ही पवेलियन लौट गए. वहीं, लुहान ड्री प्रिटोरियस भी सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए. लियाम लिविंगस्टोन ने तीन नंबर पर आकर 13 गेंदों में 34 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. डेवाल्ड ब्रेविस ने भी 21 गेंदों में 38 रन ठोके, लेकिन लंदन नियमित अंतराल पर महत्वपूर्ण विकेट गंवाती रही. लंदन का सिर्फ 56 के स्कोर पर पांच विकेट गिर गया. इसके बाद ब्रेविस और डेविड विली के बीच 42 गेंदों में 74 रन की साझेदारी हुई. ब्रेविस के आउट होने के बाद विली और जेमी ओवरटन ने टीम को जिताने का प्रयास किया. हालांकि वो इसमें सफल नहीं हो पाए.
दोनों ने सातवें विकेट के लिए नाबाद 35 गेंदों में 74 रन जोड़े. विली ने 10 चौकों और तीन छक्के की मदद से 46 गेंदों में 83 रन ठोके. वहीं ओवरटन ने 15 गेंदों में 27 रन की पारी खेली. लंदन 100 गेंदों में 6 विकेट पर 205 रन बना पाई और मैच 37 रन से गंवा दिया. सनराइजर्स की तरफ से रीस टॉप्ली और नाथन एलिस ने दो-दो विकेट लिए. वहीं, मैथ्यू पॉट्स और मैथ्यू रेविस को एक-एक सफलता मिली. रिकल्टन को उनकी ताबड़तोड़ 94 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

