दिल्ली: भारतीय वनडे टीम में दिग्गज सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 को ध्यान में रखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के भीतर टीम के भविष्य को लेकर मंथन शुरू हो गया है.
चर्चा का मुख्य केंद्र यह है कि आने वाले विश्व कप तक अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा बरकरार रखा जाए या फिर धीरे-धीरे युवा खिलाड़ियों को अधिक जिम्मेदारी देकर नई टीम तैयार की जा. हालांकि, अब तक बोर्ड या चयन समिति की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है कि रोहित को भविष्य की योजनाओं से बाहर रखा गया है. फिलहाल, वह टीम की वनडे योजनाओं का अहम हिस्सा बने हुए हैं.
क्रिकेट एडिक्टर की रिपोर्ट्स के अनुसार, इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज के दौरान रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चर्चा रही. बताया गया कि चयन समिति के कुछ सदस्यों का मानना है कि 2027 विश्व कप से पहले भारतीय टीम को नई पीढ़ी के खिलाड़ियों की ओर बढ़ने की योजना तैयार करनी चाहिए. रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि अगर रोहित वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खलते हैं तो यह नीली जर्सी वाली टीम के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है और 1983 तथा 2011 के एकदिवसीय चैंपियंस को खिताब गंवाकर इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है.
वहीं, दूसरी ओर कुछ अधिकारियों की राय है कि जब तक रोहित शर्मा अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम प्रबंधन उनका समर्थन कर रहा है, तब तक उन्हें टीम का हिस्सा बनाए रखना चाहिए. कहा जा रहा है कि इन चर्चाओं की जानकारी रोहित शर्मा तक भी पहुंची थी.
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में जल्दी आउट होने के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि तीसरा मुकाबला उनका आखिरी वनडे हो सकता है. इन अटकलों ने क्रिकेट जगत में काफी हलचल मचा दी. हालांकि, अगले ही दिन बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया कि रोहित टीम प्रबंधन की योजनाओं का हिस्सा हैं और उनके भविष्य को लेकर किसी तरह का फैसला नहीं लिया गया है. इस बयान के बाद विवाद कुछ हद तक शांत जरूर हुआ, लेकिन बहस पूरी तरह खत्म नहीं हुई.
लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में दाएं हाथ के ओपनर ने 138 रन की शानदार पारी खेलकर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया. भले ही भारतीय टीम मुकाबला जीतने में सफल नहीं रही, लेकिन उनकी इस पारी ने यह दिखा दिया कि बड़े मंच पर प्रभाव डालने की उनकी क्षमता अब भी बरकरार है. माना जा रहा है कि इस प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं के सामने फैसला और चुनौतीपूर्ण हो गया.
रोहित शर्मा को भारतीय वनडे क्रिकेट के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिना जाता है. वह इस प्रारूप में तीन दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं. उनकी कप्तानी में भारत 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल तक पहुंचा, और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में सफल रहा. इतना ही नहीं, टीम इंडिया को 2024 टी20 विश्व कप जिताने में भी हिटमैन की अहम भूमिका रही. ऐसे में 2027 विश्व कप से पहले टीम प्रबंधन के सामने सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि अनुभव और भविष्य की योजनाओं के बीच सही संतुलन कैसे बनाया जाए, जिसमें रोहित शर्मा की भूमिका सबसे अहम रहने वाली है.

