दिल्ली: लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 के एक मैच के दौरान श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज लाहिरु उदारा ने इतिहास रच दिया. उदारा ने पालेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 132 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली.
कैंडी रॉयल्स के ओपनर ने इस पारी की वजह से श्रीलंका के पूर्व दिग्गज सनथ जयसूर्या का 18 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया.
उदारा की शानदार शतकीय पारी की वजह से कैंडी ने 209 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया. इससे पहले गाले गैलेंट्स की ओर से सैम हार्पर और चरिथ असालंका ने शानदार अर्धशतक लगाया था, जिसकी वजह से गाले 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 208 रन बना पाई थी.
उदारा ने अपनी पारी में 15 चौके और सात छक्के लगाए. उदारा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत कैंडी ने सात गेंद रहते ही मैच जीत लिया. उदारा ने इस दौरान जयसूर्या का 18 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. उदारा अब श्रीलंका के लिए टी20 क्रिकेट में सफल रन चेज में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड जयसूर्या के नाम था. जयसूर्या ने साल 2008 में आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 48 गेंदों में नाबाद 114 रन ठोके थे.
उदारा लंका प्रीमियर लीग में शतक लगाने वाले इतिहास के सिर्फ 10वें बल्लेबाज बने हैं. इस दौरान उन्होंने लीग के इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में पाथुम निसांका का रिकॉर्ड तोड़ा है. निसांका ने साल 2024 में जाफना किंग्स के लिए खेलते हुए 119 रन ठोके थे, वहीं, उदारा ने अब 132 रन जड़कर रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

