दिल्ली: भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने आखिरकार मंगलवार को सबसे बड़े सवाल का जवाब दे दिया. संजू सैमसन को लगातार तीन खराब प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया की प्लेइंग-11 से बाहर कर दिया गया था.
जिसके बाद से टीम प्रबंधन की काफी आलोचना हुई थी. ऐसे में तीसरे टी20 में भारत को मिली शर्मनाक हार के बाद गंभीर ने सैमसन को बाहर करने की असली वजह बताई है.
गंभीर का कहना है कि उन्होंने संजू को बता दिया है कि क्यों उन्हें टीम से बाहर किया गया है. गंभीर ने संजू के वर्ल्ड कप में दिए गए योगदान की सराहना की. लेकिन, उनका मानना है कि कभी-कभी खिलाड़ी के हालिया प्रदर्शन को भी देखना होता है. हालांकि, गंभीर ने यह भी कहा कि संजू अभी भी टी20 सीरीज में टीम में वापसी कर सकते हैं.
गंभीर ने तीसरे मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "सबसे पहली बात, संजू सैमसन को जिस स्पष्टता की जरूरत थी, वह मैंने उन्हें दे दी है. यह बातचीत सिर्फ खिलाड़ी और हेड कोच के बीच की है. इसे सार्वजनिक नहीं किया जाएगा. जहां तक संजू की बात है, हमें पूरी तरह पता है कि उन्होंने टी20 विश्व कप में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया था. लेकिन कभी-कभी आपको किसी खिलाड़ी की मौजूदा फॉर्म भी देखनी पड़ती है. ऐसा कोई तय नियम नहीं है कि वह इस सीरीज में वापसी नहीं कर सकते."
भारतीय टीम को तीसरे मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों 125 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए फिल साल्ट के 70 रनों की पारी की बदौलत भारत को 202 रनों का लक्ष्य रखा था. जवाब में टीम इंडिया सिर्फ 76 रनों पर सिमट गई. इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने चार और जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट लिए. भारतीय टीम अब सीरीज में 2-0 से पिछड़ गई है.

