दिल्ली:श्रीलंका से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. दरअसल, वहां के कालुतारा जिले के बेरुवाला में एक बेहद दुखद घटना घटी. रविवार (5 जुलाई) को एक स्कूल के पूर्व छात्रों के क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान मैच खेलते समय एक स्थानीय क्रिकेटर अचानक जमीन पर गिर गया और उसकी पर मौत हो गई.
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि जुल्फिकार नाम का यह क्रिकेटर अचानक मैदान पर गिर पड़ता है. उन्हें गिरता देख मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और अंपायर हैरान रह जाते हैं और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है.
यह मैच यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर लाइव दिखाया जा रहा था. इस वजह से हादसे का यह वीडियो इंटरनेट पर तुरंत फैल गया, जिससे क्रिकेट फैंस और वीडियो देखने वाले लोग गहरे सदमे में हैं.
इस टूर्नामेंट में दो टीमों के बीच मुकाबला चल रहा था. जुल्फिकार के गिरने से ठीक पहले मैदान पर अंपायर के एक फैसले को लेकर दोनों टीमों के बीच बहस चल रही थी.
46 साल के जुल्फिकार उस समय बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने 3 गेंदों में 6 रन बनाए थे. तभी उन्होंने डगआउट की तरफ हाथ उठाया. इसके बाद जैसे ही वह आगे बढ़े, अचानक जमीन पर गिर पड़े. उन्हें गिरता देख मैदान पर चल रही बहस तुरंत रुक गई और खिलाड़ी व अंपायर उनकी मदद के लिए दौड़े.
उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस दुखद घटना के बाद मैच को रद्द कर दिया गया और खिलाड़ी के सम्मान में पूरे टूर्नामेंट को हमेशा के लिए रोक दिया गया.
आप भी देखें वीडियो:
शुरुआती खबरों के मुताबिक, मैच के दौरान जुल्फिकार को हार्ट अटैक आया था, हालांकि मौत की असली वजह की मेडिकल रिपोर्ट आना अभी बाकी है. इंटरनेट पर लाइव मैच के दौरान हुई इस घटना ने स्थानीय स्तर पर क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों की सुरक्षा और सेहत को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
पिछले कुछ महीनों में क्रिकेट के मैदान पर अचानक हार्ट अटैक आने की कई घटनाएं सामने आई हैं, खासकर उन खिलाड़ियों में जो मिडिल-एज के हैं और देखने में पूरी तरह फिट लगते हैं.
हाल ही में भारत में भी ऐसा ही मामला देखा गया था, जहां कर्नाटक के पूर्व रणजी खिलाड़ी एसएल अक्षय की बेंगलुरु में एक लीग मैच के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. इसके करीब पांच महीने पहले, मिजोरम के एक पूर्व क्रिकेटर के. लालरेमरुआता की भी एक लोकल टूर्नामेंट में खेलते समय हार्ट अटैक से जान चली गई थी. खेल के मैदान पर लगातार हो रही इन घटनाओं ने अब दुनियाभर में हर स्तर के क्रिकेटरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

