Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
आजमगढ़ से ISI का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, महिला नेता की हत्या और बड़े ब्लास्ट की रच रहा था साजिश!

आजमगढ़ से ISI का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, महिला नेता की हत्या और बड़े ब्लास्ट की रच रहा था साजिश!

लखनऊ । उत्तर प्रदेश की आतंकवाद निरोधक दस्ता (UP ATS) को देशविरोधी साजिशों के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी मिली है। एटीएस ने आजमगढ़ से एक ऐसे शातिर युवक को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी गैंगस्टर और वहां की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के लिए काम कर रहा था।

चौंकाने वाली बात यह है कि इस संदिग्ध आतंकी को भारत में एक राजनीतिक दल की बड़ी महिला नेता की हत्या करने और उसके बाद एक बड़े आत्मघाती मिशन को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उससे बेहद गुप्त तरीके से पूछताछ कर रही हैं।

पाकिस्तानी और दुबई के नंबरों से था सीधा कनेक्शन, सोशल मीडिया पर फैला रहा था जिहाद

अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने सोमवार को इस सनसनीखेज गिरफ्तारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में देशविरोधी और आतंकी गतिविधियों में शामिल संदिग्धों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत एटीएस ने आजमगढ़ जिले के खुदादादपुर इलाके के रहने वाले मोहम्मद शेख को दबोचा है।

जब सुरक्षा एजेंसियों ने मोहम्मद शेख के पास से बरामद मोबाइल फोन को खंगाला, तो उनके होश उड़ गए। वह सीधे तौर पर पाकिस्तान के कुख्यात शहजाद भट्टी आतंकी गैंग के संपर्क में था। मोहम्मद शेख के फोन में कई पाकिस्तानी और दुबई के संदिग्ध नंबर मिले हैं, जिनसे वह लगातार बात करता था। वह उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स से जुड़कर उनकी कट्टरपंथी विचारधारा से पूरी तरह प्रभावित हो चुका था और लगातार जिहाद से जुड़ी बातें कर रहा था। इतना ही नहीं, वह उत्तर प्रदेश और अपने आसपास के अन्य युवाओं को भी इस आतंकी गैंग में शामिल कर देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए उकसा रहा था।

‘अजमल गुर्जर’ और ‘रजा’ कर रहे थे हैंडल, महिला नेता की हत्या का मिला था पहला टास्क

जांच में यह बात सामने आई है कि मोहम्मद शेख को पाकिस्तान से सीधे शहजाद भट्टी के अलावा उसके गैंग के दो मुख्य गुर्गे ‘अजमल गुर्जर’ और ‘रजा पाकिस्तानी’ हैंडल कर रहे थे। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि पाकिस्तानी आकाओं ने उसे ट्रायल (परीक्षा) के तौर पर भारत के एक अन्य राज्य की राजनीतिक पार्टी की बेहद चर्चित महिला नेता की हत्या करने का ठेका दिया था।

पाकिस्तानी गैंग का प्लान था कि अगर मोहम्मद शेख इस महिला नेता की हत्या करने में कामयाब हो जाता, तो उसे आईएसआई की तरफ से किसी भारतीय शहर में बड़े धमाके या वीआईपी को निशाना बनाने वाले एक बहुत बड़े मिशन की जिम्मेदारी सौंपी जाती।

9mm पिस्टल और कारतूस बरामद, कोर्ट से रिमांड मांगेगी एटीएस

इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए मोहम्मद शेख ने पूरी तैयारी कर ली थी। उसने अवैध हथियारों के तस्करों से संपर्क कर एक खतरनाक 9 एमएम (9mm) पिस्टल और चार जिंदा कारतूस का इंतजाम भी कर लिया था। वह सही मौके की तलाश में था, लेकिन इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता, यूपी एटीएस ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि संदिग्ध आतंकी के पास से कई देशविरोधी डिजिटल साक्ष्य और हथियार बरामद हुए हैं। एटीएस जल्द ही उसे अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड मांगेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में उसके मददगार कौन-कौन हैं और उसे हथियारों की सप्लाई किसने की थी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik BhaskarUP