Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अंबेडकरनगर में दिल दहला देने वाली वारदात: सऊदी में पति की दूसरी शादी से आहत मां ने 4 बच्चों को ईंट से कूचकर मारा, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

अंबेडकरनगर में दिल दहला देने वाली वारदात: सऊदी में पति की दूसरी शादी से आहत मां ने 4 बच्चों को ईंट से कूचकर मारा, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। मीरानपुर मोहल्ले में एक मां ने अपने ही चार मासूम बच्चों की ईंट से कूच-कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला बालकनी से कूदकर फरार हो गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो अंदर का नजारा देख अधिकारियों के भी पैर तले जमीन खिसक गई।

बंद कमरे में मिला खून से लथपथ मंजर

शनिवार दोपहर करीब 3 बजे जब आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दस्तक देने के बाद भी जब गेट नहीं खुला, तो पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। अंदर कमरे में बिस्तर पर चारों बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े थे। चारों बच्चों के सिर पर ईंट से वार किया गया था। इस वीभत्स वारदात के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

पति की दूसरी शादी और अवसाद बनी हत्या की वजह!

स्थानीय सूत्रों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बच्चों का पिता नियाज पिछले करीब डेढ़ साल से सऊदी अरब में रहकर नौकरी कर रहा है। चर्चा है कि नियाज ने सऊदी में दूसरी शादी कर ली है और वह तब से एक बार भी घर लौटकर नहीं आया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर उसकी पत्नी गहरी मानसिक पीड़ा और अवसाद (Depression) में थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी घरेलू कलह और मानसिक तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए अपने ही कलेजे के टुकड़ों की जान ले ली।

इन मासूमों की हुई दर्दनाक मौत

मृतक बच्चों की पहचान शफीक (14 वर्ष), सऊद (12 वर्ष), उमर (8 वर्ष) और इकलौती बेटी बयाना (6 वर्ष) के रूप में हुई है। ये चारों बच्चे अपनी मां के साथ घर पर अकेले रहते थे। पड़ोसियों का कहना है कि महिला अक्सर गुमसुम रहती थी, लेकिन कोई सोच भी नहीं सकता था कि वह अपने बच्चों के साथ ऐसा खौफनाक सुलूक करेगी।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, पुलिस की तलाश जारी

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से खून से सनी ईंट और अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। अकबरपुर कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद और अवसाद से जुड़ा लग रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik BhaskarUP