Dailyhunt
हरदोई : बेटे के मुंडन की खुशियां मातम में बदली, नाच-गाने के बीच घर से निकल पिता ने लगा ली फांसी

हरदोई : बेटे के मुंडन की खुशियां मातम में बदली, नाच-गाने के बीच घर से निकल पिता ने लगा ली फांसी

रदोई: जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र के जगरौली गांव में एक ऐसा वाकया हुआ जिसे देख और सुन हर किसी की रूह कांप गई। जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे और नन्हे बालक के मुंडन संस्कार का जश्न मनाया जा रहा था, उसी घर के मुखिया ने चुपचाप मौत को गले लगा लिया।

दिल्ली में ठेकेदारी करने वाले युवक ने अपने ही खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

दिल्ली से बेटे का मुंडन कराने आया था परिवार

जानकारी के अनुसार, जगरौली निवासी 42 वर्षीय शिवकुमार अपने भाई सर्वेश के साथ दिल्ली में रंगाई-पुताई की ठेकेदारी करता था। शिवकुमार के साथ उसकी पत्नी आरती और बच्चे भी दिल्ली में ही रहते थे। अपने छोटे बेटे पवन राज का मुंडन संस्कार कराने के लिए शिवकुमार 18 अप्रैल को गांव आया था, जिसके दो दिन बाद उसकी पत्नी और बच्चे भी पहुंच गए थे।

जश्न के बीच खामोशी से निकला और चुन ली मौत

बुधवार को घर में मुंडन संस्कार की दावत का आयोजन था। रिश्तेदार जुटे थे और देर रात तक नाच-गाना चल रहा था। पूरा परिवार और गांव खुशियों में सराबोर था। इसी बीच भोर पहर शिवकुमार बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तभी खबर आई कि गांव के उत्तर दिशा में स्थित खेत में खड़े यूकेलिप्टिस के पेड़ से शिवकुमार का शव लटक रहा है।

गमछे का बनाया फंदा, वजह अब भी रहस्य

शिवकुमार ने अपने ही गमछे से पेड़ पर फंदा बनाकर जान दे दी। भाई सर्वेश का कहना है कि घर में कोई विवाद या ऐसी कोई बात नहीं हुई थी जिससे वह तनाव में हो। अचानक उठाए गए इस कदम से हर कोई हैरान है। शिवकुमार अपने पीछे पत्नी सहित तीन बेटियों और दो बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी: पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा राज?

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टड़ियावां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आखिर एक पिता ने अपने बेटे के जीवन के इतने महत्वपूर्ण संस्कार के दिन मौत को क्यों चुना, यह सवाल अब भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik BhaskarUP