Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
झांसी में सनसनी: शादी के 8 महीने बाद रील बनाने की शौकीन पत्नी ने लगाई फांसी, पति ने खाया जहर; हालत गंभीर

झांसी में सनसनी: शादी के 8 महीने बाद रील बनाने की शौकीन पत्नी ने लगाई फांसी, पति ने खाया जहर; हालत गंभीर

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। बबीना थाना क्षेत्र के इमलीपुरा में महज 8 महीने पहले शादी के बंधन में बंधे एक नवदंपति का रिश्ता आपसी विवाद के बाद गहरी त्रासदी में बदल गया।

घरेलू क्लेश के दौरान गुस्से में आकर पति ने जहां जहरीला पदार्थ गटक लिया, वहीं पति को अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद घर में अकेली पत्नी ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जहर खाने के कारण पति की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है और उसे इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

कहासुनी के बाद पति ने उठाया आत्मघाती कदम, मेडिकल कॉलेज रेफर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बबीना के इमलीपुरा निवासी सागर साहू और उसकी पत्नी राधा के बीच किसी बात को लेकर अचानक तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी उग्र विवाद में तब्दील हो गई। तैश में आकर सागर ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। जैसे ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

पति के अस्पताल जाते ही पत्नी ने लगाई फांसी, सोशल मीडिया की शौकीन थी राधा

घटना का दूसरा खौफनाक पहलू तब सामने आया जब पति को अस्पताल ले जाने के कुछ ही देर बाद घर पर मौजूद पत्नी राधा ने फांसी लगा ली। काफी देर बाद जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलने पर बबीना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि राधा मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी और सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने के साथ ही रील बनाने की शौकीन थी। वह एक प्राइवेट कंपनी में वर्क फ्रॉम होम काम कर रही थी, जबकि सागर एसी-फ्रीज रिपेयरिंग का काम करता था।

एक दिन पहले ही मध्य प्रदेश से झांसी आया था दंपति, पुलिस जांच में जुटी

दोनों की शादी करीब आठ महीने पहले ही हुई थी और वे मध्य प्रदेश के अशोकनगर में एक साथ रह रहे थे। घटना से महज एक दिन पहले ही दोनों अशोकनगर से झांसी आए थे, लेकिन किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि यह सफर इतना भयावह मोड़ ले लेगा। फिलहाल बबीना थाना पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है और घटना के पीछे के असल कारणों को स्पष्ट करने के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती पति के होश में आने व उसके बयान दर्ज होने का इंतजार कर रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik BhaskarUP