Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
संसद मानसून सत्र का 10वां दिन: आज लोकसभा में जजों की संख्या और जन्म-मृत्यु पंजीकरण बिल पर चर्चा, राहुल गांधी पर विशेषाधिकार हनन का नोटिस

संसद मानसून सत्र का 10वां दिन: आज लोकसभा में जजों की संख्या और जन्म-मृत्यु पंजीकरण बिल पर चर्चा, राहुल गांधी पर विशेषाधिकार हनन का नोटिस

संसद के मानसून सत्र के 10वें दिन आज भी दोनों सदनों में जोरदार हंगामे और अहम विधायी कार्यों के होने के आसार हैं। शुक्रवार को लोकसभा में 'जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026' और सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण संशोधन बिल पर चर्चा की जाएगी।

वहीं, दूसरी ओर राज्यसभा में ‘सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) विकास (संशोधन) विधेयक, 2026’ पेश किया जाएगा। सदनों में लगातार जारी खींचतान के बीच आज कई अन्य अहम मुद्दों पर भी विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस, असंसदीय भाषा का आरोप

संसद के भीतर राजनीतिक पारा पूरी तरह चढ़ा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का औपचारिक नोटिस सौंपा है। अनुराग ठाकुर का आरोप है कि राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ बेहद असंसदीय, अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया और उन पर गंभीर व निराधार आरोप लगाए। दरअसल, बुधवार को पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने गृह मंत्री पर तीखे हमले किए थे, जिसके बाद उनके भाषण के एक बड़े हिस्से को स्पीकर ने संसद की कार्यवाही से हटा (एक्सपंज) दिया था।

सोशल मीडिया पर राहुल का सरकार पर हमला: बोले- ‘Gen Z को धमका नहीं सकते’

संसदीय घमासान के बीच राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह जी, आप Gen Z (युवा पीढ़ी) को चुप रहने के लिए धमका नहीं सकते। पहले आपने उनकी आवाज दबाई और अब आप उन पर FIR दर्ज कर रहे हैं, उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स बंद कर रहे हैं।” राहुल ने तल्ख लहजे में आगे चेतावनी देते हुए लिखा, “आप भारत का बीता हुआ कल हैं, इसलिए भारत के भविष्य के साथ कैसा बर्ताव करते हैं, इसे लेकर सावधान रहें।”

संसद से पास हुआ ‘वंदे मातरम’ और ‘पेपर लीक’ संशोधन बिल

संसदीय कार्यवाही के दौरान बीते दिन कई ऐतिहासिक बिलों पर मुहर लगी है। गुरुवार को हंगामे के बीच ‘वंदे मातरम बिल’ राज्यसभा के बाद लोकसभा से भी पारित हो गया। इसके अलावा, परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए लाया गया ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026’ (पेपर लीक संशोधन बिल) लोकसभा के बाद अब राज्यसभा से भी 7 घंटे चली लंबी बहस के बाद पास हो चुका है। दोनों सदनों से हरी झंडी मिलने के बाद अब इसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद यह पूरे देश में कानून का रूप ले लेगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik BhaskarUP