Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
शाहजहांपुर में दिनदहाड़े युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या, गांव में बवाल; इंटरनेट पर तरीका खोजकर दिया वारदात को अंजाम, बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी!

शाहजहांपुर में दिनदहाड़े युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या, गांव में बवाल; इंटरनेट पर तरीका खोजकर दिया वारदात को अंजाम, बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी!

शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। कमलैनपुर निवासी युवक गौतम मौर्य की धारदार चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।

यह पूरी वारदात दिलावरपुर मोड़ पुलिया के पास उस समय घटी, जब गौतम अपने साथी के साथ खेत देखकर घर वापस लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे बेखौफ हमलावरों ने उसे घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौतम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों ने एक हमलावर को दबोचा, 4 संदिग्ध हिरासत में

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गौतम की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने भाग रहे हमलावरों का पीछा किया और एक आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एक्शन में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

यूट्यूब पर सर्च किया ‘हत्या का तरीका’, पुलिस जांच में खुलासा

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए मुख्य आरोपी ने कड़ाई से की गई पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने बाकायदा इंटरनेट पर हत्या करने के तरीके सर्च किए थे। इसके बाद पूरी प्लानिंग के साथ इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से इस डिजिटल एंगल की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।

एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर हंगामा

युवक की हत्या की खबर जंगल में आग की तरह फैलते ही सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उग्र भीड़ ने सड़क पर जाम लगाकर जमकर प्रदर्शन किया और पुलिस-प्रशासन से आरोपियों के तुरंत एनकाउंटर और अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। क्षेत्र में बनते तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और पूरी वारदात के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

राजस्व टीम ने शुरू की संपत्तियों की जांच, बुलडोजर एक्शन की सुगबुगाहट

बढ़ते जनाक्रोश के बीच राजस्व विभाग की टीम भी त्वरित एक्शन लेते हुए गांव पहुंच गई है। अधिकारियों ने आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों और मकानों के कागजातों का भौतिक सत्यापन शुरू कर दिया है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यदि जांच में अवैध निर्माण या सरकारी भूमि पर कब्जे की पुष्टि होती है, तो कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हालांकि, बुलडोजर चलाने को लेकर अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik BhaskarUP