वॉशिंगटन। ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका उसका नया प्रस्ताव मानने को तैयार है, तो वह अगले हफ़्ते की शुरुआत में पाकिस्तान में बातचीत करने के लिए तैयार है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर अमेरिका हमले रोकने और ईरानी तटों की नाकाबंदी हटाने की गारंटी देता है, तो तेहरान होर्मुज जलमार्ग खोलने के लिए अपनी शर्तों पर बात करने की पेशकश कर सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस प्रस्ताव में अमेरिका के प्रतिबंध में ढील के बदले ईरानी परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मामलों पर बात करने का प्रस्ताव है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कल कांग्रेस को बताया कि ईरान के खिलाफ युद्ध खत्म हो गया है। हालांकि पेंटागन इस इलाके में अपनी सैन्य गतिविधियां को अपडेट करता रहता है। उल्लेखनीय है कि गत 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान में लक्षित हमले किए, जिससे काफी जान माल का नुकसान हुआ। सात अप्रैल को अमेरिका और ईरान ने दो हफ़्ते के युद्धविराम का ऐलान किया। इस्लामाबाद में बाद की बातचीत बिना किसी नतीजे के खत्म हुई और ट्रंप ने ईरान को एकजुट प्रस्ताव के साथ आने का समय देने के लिए युद्धविराम की अवधि बढ़ा दी।

