Dailyhunt
असर का  खबर : झूलती 11 केवी लाइन का खतरा टला, नए पोल लगाकर ऊंचे किए तार

असर का खबर : झूलती 11 केवी लाइन का खतरा टला, नए पोल लगाकर ऊंचे किए तार

सारथल। सारथल उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत गांगटी में मुख्य सड़क मार्ग पर झूल रही 11 केवी विद्युत लाइन से बना बड़ा खतरा अब टल गया है। 2 मई को दैनिक नवज्योति में "हाई वोल्टेज लाइन से खतरा" शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और गांगटी ग्राम पंचायत में झूल रही 11 केवी विद्युत लाइन की समस्या का त्वरित समाधान करते हुए तारों को ऊंचा कर आमजन के लिए मार्ग को सुरक्षित बना दिया।

ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद मौके पर समस्या का समाधान कर दिया।

उपखंड अधिकारी ने दिए शीघ्र कार्यवाही के निर्देश
ग्रामीणों ने पूर्व में छीपाबड़ौद उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गांगटी से पाडलिया जाने वाले मुख्य मार्ग पर झूलते बिजली तारों से उत्पन्न खतरे से अवगत कराया था। इस पर उपखंड अधिकारी अभिमन्यु सिंह कुंतल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग हरनावदाशाहजी के सहायक अभियंता को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। सहायक अभियंता विकास कुमार महावर ने बताया कि आमजन की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में तत्परता दिखाते हुए रविवार को कनिष्ठ अभियंता मदनलाल मीणा के नेतृत्व में विभागीय टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मार्ग के दोनों ओर नए विद्युत पोल खड़े कराकर तारों को ऊंचा कराया, जिससे आवागमन सुरक्षित हो गया।

पहले विद्युत लाइन नीचे झूलने से बना रहता था खतरा
पीडब्ल्यूडी द्वारा मार्ग पर नई पुलिया निर्माण के कारण विद्युत लाइन की ऊंचाई कम हो गई थी। इस संबंध में विद्युत विभाग ने फरवरी माह में ही पीडब्ल्यूडी विभाग को पत्र लिखकर सचेत किया था, लेकिन समय पर ध्यान नहीं दिए जाने से समस्या उत्पन्न हुई। ग्रामीणों के अनुसार, पहले खाल के समीप विद्युत लाइन काफी नीचे झूल रही थी, जिससे ट्रैक्टर, स्कूल बस सहित बड़े वाहनों के गुजरने में खतरा बना रहता था। अब समस्या के समाधान के बाद गांगटी और पाडलिया के ग्रामीणों ने दैनिक नवज्योति का आभार जताया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Navajyoti