Dailyhunt
इग्नू के 39वें दीक्षांत समारोह में 3.24 लाख विद्यार्थियों को उपाधि, जयपुर केन्द्र को राष्ट्रीय सम्मान

इग्नू के 39वें दीक्षांत समारोह में 3.24 लाख विद्यार्थियों को उपाधि, जयपुर केन्द्र को राष्ट्रीय सम्मान

यपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का 39वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को मुख्यालय नई दिल्ली सहित देशभर के क्षेत्रीय केन्द्रों पर एक साथ आयोजित किया गया। मुख्य समारोह नई दिल्ली में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन तथा विशिष्ट अतिथि दिल्ली के राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू रहे।

वहीं इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ममता भाटिया ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि इग्नू गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को घर-घर तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय केन्द्र का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ। समारोह में जयपुर केन्द्र के तीन विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

रमेश गर्ग को एमबीए (बैंकिंग एवं वित्त), साना फूटेला को बीए ऑनर्स राजनीति विज्ञान तथा शकान्हा परनामी को एमए फ्रेंच में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इस वर्ष कुल 3,24,835 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं, जिनमें से 13,916 विद्यार्थी जयपुर क्षेत्रीय केन्द्र के रहे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यपुस्तकों के साथ अतिरिक्त ज्ञान अर्जित करने और समाज में न्याय, समानता व प्रगति के लिए योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. इन्दू रवि ने किया तथा अंत में डॉ. पवन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Navajyoti