नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में गुरुवार सुबह एक ट्रेन की चपेट में आने से 2 भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 10:15 बजे सावनेर इलाके में हुआ, जहां रेलवे ट्रैक पर मौजूद दोनों भाई अचानक चलती ट्रेन की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय निवासियों की मदद से दोनों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। सावनेर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

