उदयपुर। राजस्थान में उदयपुर सिटीजन सोसायटी ने नगर निगम चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस से अपना चुनावी घोषणा पत्र जनता के सामने रखने की मांग की है।
उदयपुर सिटीजन सोसायटी के अध्यक्ष क्षितिज कुम्भट ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि राजनीतिक दल केवल बोर्ड बनाने और मेयर बनाने का दावा न करें, बल्कि यह भी स्पष्ट करें कि अगले पांच और 10 वर्षों में उदयपुर के विकास के लिए उनकी योजना क्या है और उसे किस समय सीमा में कैसे पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव केवल बोर्ड और मेयर चुनने का विषय नहीं है, बल्कि यह उदयपुर के भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस सहित सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को जनता के सामने भविष्य की समयबद्ध रूपरेखा स्पष्ट करना चाहिए।

