Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
पंजाब में टूल निर्माण फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव : पिता-पुत्र समेत 3 मजदूरों की मौत, अन्य मजदूर बेहोश

पंजाब में टूल निर्माण फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव : पिता-पुत्र समेत 3 मजदूरों की मौत, अन्य मजदूर बेहोश

लुधियाना। पंजाब में लुधियाना स्थित इंडस्ट्रियल एरिया-ए के गैसपुरा क्षेत्र में सोमवार तड़के एक टूल निर्माण फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव होने से पिता-पुत्र समेत तीन मजदूरों की मौत हो गयी और कुछ अन्य मजदूर बेहोश हो गये।

सूत्रों के अनुसार दीप टूल्स नामक हैंड टूल निर्माण इकाई में देर रात उत्पादन कार्य सामान्य रूप से चल रहा था। इसी दौरान अचानक किसी पाइपलाइन या सिलेंडर से जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते गैस पूरे परिसर में फैल गयी, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गये।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गैस का असर इतना तेज था कि मजदूरों को बाहर निकलने का अवसर तक नहीं मिला। दम घुटने और आंखों में तेज जलन के कारण कई कर्मचारी फैक्ट्री के भीतर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया तथा प्रभावित मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में 2 मजदूरों के नाम मनोज और उनका पुत्र अमित हैं। तीसरे मृतक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय पिता-पुत्र मशीन के निचले हिस्से से निकली सामग्री को ट्रॉली में भर रहे थे, तभी वे सीधे जहरीली गैस की चपेट में आ गये। गैस की चपेट में आने से फैक्ट्री में काम कर रहे सात-आठ मजदूर बेहोश हो गये, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन प्रभावितों की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गयी।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने बताया कि मामले में थाना मोती नगर में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि रिसी गैस के प्रकार की जांच की जा रही है। मोती नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन और गैस रिसाव के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गयी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिये हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Navajyoti