Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में जांच तेज : फर्जी रसीद बुक मिली, 3 आरोपियों से पूछताछ

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में जांच तेज : फर्जी रसीद बुक मिली, 3 आरोपियों से पूछताछ

योध्या। अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच बुधवार को कई अहम घटनाक्रमों के साथ आगे बढ़ी। पुलिस ने 40 घंटे की रिमांड पर लिए गए 3 आरोपियों से गहन पूछताछ की, जबकि जांच के दौरान कथित तौर पर श्रीराम भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नाम की पुरानी फर्जी रसीद बुक मिलने की जानकारी सामने आई है।

इस बीच पुलिस आरोपियों को लेकर विभिन्न स्थानों पर पहुंची और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया। वहीं, सूत्रों के अनुसार एसआईटी ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए ट्रस्ट के बड़े आयोजनों से जुड़े वित्तीय अभिलेखों की भी पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस बुधवार सुबह जिला कारागार पहुंची और रिमांड पर लिए गए आरोपियों लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडेय को लेकर आई। दिनभर चली पूछताछ में आरोपियों से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी ली गई।

फर्जी रसीद बुक असली जैसी, ट्रस्ट का लोगो भी अंकित

सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान ट्रस्ट के नाम की पुरानी फर्जी रसीद बुक भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि यह रसीद असली रसीद की तर्ज पर तैयार की गई थी और उस पर ट्रस्ट का लोगो भी अंकित था। कुछ श्रद्धालुओं से इन्हीं रसीदों के माध्यम से चंदा लिया जाता था। बाद में ऑनलाइन रसीद व्यवस्था लागू होने के बाद इनका उपयोग बंद कर दिया गया था।

जहां होता था चोरी के माल का बंटवारा, वहां पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस टीम आरोपियों को लेकर 14 कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित जानौरा क्षेत्र भी पहुंची, जहां चोरी की रकम की गिनती और बंटवारे से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कराया गया। हालांकि मीडिया की मौजूदगी के चलते पुलिस टीम कुछ देर बाद वहां से वापस लौट गई।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Navajyoti