Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
एशियन गेम्स के लिए BCCI ने तैयार की 30 संभावितों की सूची; वैभव सूर्यवंशी भी शामिल

एशियन गेम्स के लिए BCCI ने तैयार की 30 संभावितों की सूची; वैभव सूर्यवंशी भी शामिल

भारतीय टी-20 टीम (Indian T20 Team) के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Captain Suryakumar Yadav) इस वर्ष 19 सितंबर से ऐची-नागोया (जापान) में होने वाले एशियाई खेलों (Asian Games) में भारतीय टीम के कप्तान नहीं होंगे।

यही नहीं वह इन खेलों की टीम में भी नहीं होंगे। उन्हें बीसीसीआई (BCCI) की ओर से एशियाई खेलों के संभावितों में जगह नहीं दी गई है। वहीं, आईपीएल (IPL) में अपने बल्ले धूम मचाने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi ) एशियाई खेलों की टीम में जगह बनाने जा रहे हैं। उन्हें संभावितों में जगह मिली है।

संभावितों में टी-20 विश्वकप जीतने वाली 15 सदस्यीय टीम के 13 क्रिकेटर शामिल हैं। इनमें सूर्य और सिराज को छोड़ बुमराह, सैमसन, अभिषेक, हार्दिक पंड्या, रिंकू, ईशान जैसे क्रिकेटर हैं। जिसके चलते यह माना जा रहा है कि जापान में भारतीय टीम नए कप्तान की अगुवाई में ज्यादातर मुख्य क्रिकेटरों के दम पर अपने स्वर्ण पदक की रक्षा करने उतरेगी। बीसीसीआई की ओर से दी गई एशियाई खेलों की लांग लिस्ट में श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल भी शामिल हैं। बीसीसीआई जल्द ही इन खेलों के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित करेगा।

वैभव के एशियाड से पहले टीम में आने की संभावना
वैभव को भारतीय टीम में शामिल किए जाने की आवाज जोर पकड़ रही है। उन्होंने आईपीएल में अपने प्रदर्शन से टीम में शामिल होने का दावा भी ठोक दिया है। बीसीसीआई ने एशियाड के संभावितों में उन्हें जगह देकर यह संकेत भी दे दिया है कि वह जल्द टीम में होंगे। हालांकि एशियाड से पहले भारत को आयरलैंड में 26 जून से दो टी-20, जुलाई में इंग्लैंड में पांच टी-20 और तीन वनडे, जिंबाब्वे में 23 जुलाई से तीन टी-20 और श्रीलंका में अगस्त में दो टेस्ट और दो टी-20 खेलने हैं। ऐसे में भारतीय टीम में उनकी जगह एशियाड से पहले इन दौरों में भी बन सकती है।

संभावितों में 30 क्रिकेटर
सूर्य का एशियाड में नहीं खेलना इस वजह से भी तय है क्योंकि एशियाड की लांग लिस्ट में जिन 30 क्रिकेटरों को बीसीसीआई ने जगह दी है। इन्हीं में से ही 15 सदस्यीय टीम चुनी जा सकेगी। इनसे बाहर के खिलाड़ी चयनकर्ता नहीं चुन पाएंगे। लांग लिस्ट आयोजकों को भेजी जा चुकी है। 2023 में रुतराज गायकवाड़ की कप्तानी में स्वर्ण जीतने वाली टीम के नौ सदस्यों को संभावितों में जगह मिली है। इनमें रुतराज भी हैं।

एशियाड में गंभीर नहीं होंगे कोच
भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षक गौतम गंभीर एशियाई खेलों में भारतीय टीम के साथ नहीं होंगे। उनका नाम लांग लिस्ट में नहीं है। एशियाड में पुरुष क्रिकेट 24 सितंबर से तीन अक्तूबर तक होगा। इसी दौरान 27 से छह अक्तूबर तक भारत को अपने यहां वेस्टइंडीज से तीन वनडे खेलने हैं। गंभीर यहां शुभमन गिल की टीम से जुड़ेंगे। लांग लिस्ट में वीवीएस लक्षमण को बतौर कोच जगह दी गई है। ऐसे में लक्ष्मण के टीम का कोच बनने की संभावना है।

संभावित क्रिकेटर: ईशान किशन, वरुण चक्रवर्ती, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, अभिषेक शर्मा, अनुकूल रॉय, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल, आयुष बदोनी, ध्रुव जुरेल, हार्दिक पंड्या, हर्ष दुबे, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद, कुलदीप यादव, नीतीश रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, रवि बिश्नोई, रिंकू सिंह, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, विप्रज निगम, वाशिंगटन सुंदर, यशस्वी जायसवाल, यश ठाकुर।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Samvad