Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मुंबई में बारिश का कहर, सड़कों से रेलवे ट्रैक तक जलभराव, स्कूल-कॉलेज बंद

मुंबई में बारिश का कहर, सड़कों से रेलवे ट्रैक तक जलभराव, स्कूल-कॉलेज बंद

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश (Heavy Rain) ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai) की रफ्तार थाम दी है। पिछले कई दिनों से जारी तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है।

सड़कें पानी में डूब गई हैं, रेलवे ट्रैक (Railway Track) जलमग्न हो गए हैं और लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

वसई-विरार, मालाड, अंधेरी, भांडुप, दादर, माटुंगा और नवी मुंबई समेत कई इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। कई स्थानों पर वाहन जलभराव में फंस गए, जबकि कुछ जगहों पर केवल गाड़ियों की छतें ही दिखाई दे रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने फिलहाल बारिश से राहत मिलने की संभावना से इनकार किया है।

सड़क धंसी, पेड़ गिरे, यातायात प्रभावित
भांडुप इलाके में भारी बारिश के बीच सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों और वाहनों पर गिर गए, जिससे नुकसान हुआ। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में आवागमन प्रभावित है।

रेलवे ट्रैक पर भी पानी, लोकल सेवाएं प्रभावित
मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा पर भी बारिश का असर पड़ा है। दादर, वडाला, घाटकोपर और नालासोपारा सहित कई स्टेशनों के रेलवे ट्रैक पानी में डूब गए हैं, जिससे लोकल ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पांच दिनों से जारी बारिश, कई इलाके जलमग्न
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में पिछले पांच दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। शहर के कई इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया है। भांडुप में सड़क धंसने से वहां खड़ी एक कार गड्ढे में समा गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अंधेरी, नालासोपारा, वसई और विरार जैसे इलाकों में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। वसई में करीब 30 से 40 हाउसिंग सोसायटियां जलभराव से घिर गई हैं, जिससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है। पालघर जिले में भी कई जगह घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया है और लोग जोखिम के बीच आवाजाही करने को मजबूर हैं।

मनखुर्द में इमारत ढही, 6 लोगों की मौत
बारिश के बीच मुंबई के मनखुर्द इलाके में रविवार रात एक तीन मंजिला चॉल ढह गई। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुसार इस हादसे में चार महिलाओं और दो पुरुषों सहित छह लोगों की मौत हो गई। एक घायल व्यक्ति का इलाज राजावाड़ी अस्पताल में जारी है।

स्कूल-कॉलेज बंद, परीक्षाएं स्थगित
भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सोमवार को मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में सरकारी, निजी तथा बीएमसी संचालित सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है।

मुंबई में IMD ने ऑरेंज अलर्ट, जबकि पुणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, मुंबई विश्वविद्यालय ने 6 जुलाई को आयोजित होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। नई परीक्षा तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। हर साल मानसून के दौरान जलभराव की समस्या झेलने वाली मुंबई में इस बार भी भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Samvad