Adi Kailash Yatra : मानसून को देखते हुए संभावित भूस्खलन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने आदि कैलाश यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट जारी करने पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।
अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी।
103 लोगों को इनर लाइन परमिट जारी किए
धारचूला के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) आशीष जोशी ने बताया कि मानसून में क्षेत्र में बारिश होने के कारण रास्तों में भूस्खलन की आशंका और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा के लिए अब अगले आदेशों के बाद ही इनर लाइन परमिट जारी किए जाएंगे। मानसून अवधि के लिए रोक लगाए जाने से पहले एक जुलाई को आदि कैलाश यात्रा के लिए 103 लोगों को इनर लाइन परमिट जारी किए गए थे।
एक मई को आदि कैलाश यात्रा शुरू
उप जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा शुरू होने के बाद दो महीने में रिकॉर्ड 52,441 श्रद्धालुओं ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए। इस साल एक मई को आदि कैलाश यात्रा शुरू हुई थी। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश तीर्थयात्रा, तिब्बत में कैलाश मानसरोवर यात्रा के साथ ही 1981 में शुरू हुई थी, लेकिन इसे व्यापक लोकप्रियता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 अक्टूबर 2023 के दौरे के बाद मिली।
