नयी अनाज मंडी में शनिवार को आयोजित हलका स्तरीय धन्यवाद एवं विकास रैली के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी अवैध फैक्ट्री अग्निकांड के पीड़ितों से मिले। अग्निकांड में जान गंवाने वाली 12 महिला मजदूरों में से 10 मजदूरों के परिजन न्यू गीता कॉलोनी में मृतक ममता के घर उसके पति मुकेश व अन्य 9 मृतक महिलाओं के परिजनों से मुख्यमंत्री की मुलाकात हुई।
इस मौके पर अग्निकांड के पीड़ितों ने अवैध फैक्ट्री मालिकों पर कड़ी कार्रवाई करने, निजी अस्पतालों में कराए उपचार का खर्च सरकार द्वारा दिए जाने तथा एक परिजन को नौकरी देने की मांग की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस मामले के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है, निजी अस्पतालों में हुए उनके खर्च का भुगतान सरकार द्वारा कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को शिक्षित करो, फिर नौकरी की व्यवस्था भी कर दी जाएगी। उन्होंने पीड़ितों के बच्चों के लिए 12वीं कक्षा तक की शिक्षा मुफ्त सुलभ कराने का ऐलान भी किया। इस मौके पर उनके साथ विधायक रामकुमार गौतम, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, कृष्ण पवार, डॉ़ कृष्ण मिड्ढा व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल कौशिक के अलावा सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा व डीएसपी गौरव शर्मा भी थे।
