भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने रोहतक दौरे के दौरान कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बाप-बेटे ने झूठ बोलकर किसानों की जमीनें हड़पीं और उन्हें बड़े घरानों व जीजा जी को सौंप दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति की है, जबकि भाजपा ने सामान्य कार्यकर्ता को भी शीर्ष जिम्मेदारियां देने का काम किया है।
अनाज मंडी में आयोजित सम्मान समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि रोहतक जवानों और किसानों की धरती है तथा यहां की जनता परिवारवाद की राजनीति को आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला और किसानों के साथ अन्याय हुआ, जिसे प्रदेश की जनता अच्छी तरह जानती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, जवानों और आम नागरिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और सेना को आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की पूरी स्वतंत्रता मिली है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे जवानों का मनोबल प्रभावित होता है।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद में विश्व की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और अपात्र व मृत मतदाताओं के नाम हटवाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत के दम पर सर्वोच्च जिम्मेदारियां प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर सिंह ढाका, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, सतीश नांदल, रेणु डाबला, शमशेर सिंह खरक, विजयपाल, पंकज भारद्वाज और अभिनंदन शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
