चंडीगढ़ प्रशासन में बृहस्पतिवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक बदलाव किये गये। नए आए आईएएस अधिकारी डी. कार्तिकेयन को सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और सतर्कता (Vigilance) सहित कई अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 2026 बैच के आईएएस अधिकारी डी. कार्तिकेयन को 5 अहम विभाग दिये गये हैं। जिनमें, सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), सचिव, सतर्कता (Vigilance), सचिव, कृषि विपणन बोर्ड, सचिव कृषि और मुख्य कार्यकारी अधिकारी, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (CEO, CHB) शामिल हैं। इन नियुक्तियों के साथ ही आईएएस मोहम्मद मंसूर एल. और प्रदीप कुमार को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
पालिका अरोड़ा को उच्च शिक्षा का प्रभार
पीसीएस अधिकारी पालिका अरोड़ा को निदेशक उच्च शिक्षा (Director Higher Education) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। उन्होंने एचसीएस अधिकारी राधिका सिंह की जगह ली है।
सिटको में अस्थायी व्यवस्था
सिटको (CITCO) के प्रबंधन को लेकर मुख्य महाप्रबंधक नवीन को प्रबंध निदेशक (MD) का नियमित कामकाज देखने के निर्देश दिए गए हैं। वह इस पद पर तब तक बने रहेंगे जब तक आईएएस अधिकारी डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह अपनी ड्यूटी ज्वाइन नहीं कर लेते।
आदेश की पुष्टि
ये आदेश यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक की मंजूरी के बाद मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने जारी किए। इसी के साथ डॉ. अभिजीत विजय चौधरी को प्रशासन से कार्यमुक्त कर दिया गया
