Dailyhunt

Cruise Boat Tragedy : एक और लाश मिलने से मरने वालों की संख्या 10 हुई, अब भी लापता 3 पर्यटक

Cruise Boat Tragedy : मध्यप्रदेश के जबलपुर में बरगी बांध में हुए क्रूज नाव हादसे के 2 दिन बाद शनिवार शाम एक और शव मिलने के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई, जबकि तीन पर्यटक अब भी लापता हैं।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि राज्य पर्यटन विभाग द्वारा संचालित यह नाव वीरवार शाम आए तूफान के दौरान पलट गई थी। कुछ बचे लोगों ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा में लापरवाही बरती गई और समय पर ‘लाइफ जैकेट’ उपलब्ध नहीं कराई गई।

उपसंभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि शनिवार शाम बरामद शव संभवतः छह वर्षीय विराज सोनी का है। शव की पहचान परिजनों द्वारा पुष्टि के बाद ही की जाएगी। खमरिया आयुध निर्माणी में कार्यरत कर्मचारी कमराज, उनका 5 वर्षीय पुत्र तमिल तथा दक्षिण भारत से आया एक अन्य बच्चा मयूरम (5) अब भी लापता हैं। गहरे पानी में तलाश के लिए विशेष उपकरण मंगाए गए हैं और गोताखोरी अभियान के लिए ‘जनरेटर’ की व्यवस्था की जा रही है। गोताखोरों और आपदा मोचन बल के दलों ने खोज का दायरा बढ़ाकर पांच किलोमीटर तक कर दिया है।

अब तक चिन्हित 41 यात्रियों में से 28 को बचा लिया गया था। 200 से अधिक बचावकर्मी शनिवार सुबह 5 बजे से फिर से अभियान में जुट गये, उनमें आगरा से हवाई मार्ग से लाए गए करीब 20 सेना के गोताखोर भी शामिल हैं। तेज हवाओं के कारण सुबह करीब नौ बजे कुछ समय के लिए अभियान प्रभावित हुआ। 9 मृतकों का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है। हमारी प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश है। मामले में जल्द ही प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।

घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में 43 लोगों को नाव की ओर जाते हुए देखा गया है, जबकि अब तक 41 यात्रियों की पहचान हो पाई है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को हादसे की जांच के आदेश दिए थे और चालक दल के तीन सदस्यों को बर्खास्त कर दिया था। राज्य में इसी तरह की नौकाओं के संचालन पर रोक लगा दी गई है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi