Cyber Fraud: हरियाणा के नूंह जिले में साइबर अपराध पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस टीम ने फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों से ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मुरसलीम पुत्र उमेर निवासी कोटला थाना नगीना और जावेद पुत्र यूनुस निवासी उमरी थाना नगीना शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने वर्ष 2025 के एक पुराने मामले में यूसुफ पुत्र ममरेज निवासी रणसीका थाना हथीन जिला पलवल को भी गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत साइबर थाना की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
गश्त के दौरान पुलिस को जावेद और मुरसलीम के ठिकानों की सूचना मिली थी। साथ ही साइबर पोर्टल पर भी इनके खिलाफ ठगी से जुड़े कई मामले दर्ज पाए गए। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उनके अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी मुरसलीम अपनी असली पहचान छिपाकर फर्जी सिम कार्ड के जरिए सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ठगता था। वहीं जावेद भी इसी तरीके से लोगों से रुपए की ठगी करता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरे आरोपी यूसुफ को पुराने मामले में गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
