शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर निगम और जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को महापौर रेणु बाला गुप्ता और विधायक जगमोहन आनंद ने नवनियुक्त डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान जिले के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों और लंबित परियोजनाओं पर चर्चा की गई।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि करनाल को एक आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगर निगम पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है ताकि हर नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों के अनुरूप करनाल के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच निरंतर संवाद बना रहना जरूरी है। इसी कड़ी में डीसी के साथ यह बैठक सार्थक रही है। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता भी उपस्थित रहे।
