Dailyhunt

Drilling Machine Accident : मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम, 6 घंटे तक फंसी रही एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी

Drilling Machine Accident : अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी महाराष्ट्र में मुंबई-पुणे मार्ग पर लगभग छह घंटे तक भारी यातायात जाम में फंसी रहीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो पोस्ट में इस घटना का अनुभव बयां किया।

मंगलवार रात मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक फ्लाईओवर के निर्माण स्थल पर नींव की खुदाई में इस्तेमाल की जाने वाली 'ड्रिलिंग मशीन' गिर गई, जिससे एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई और मुंबई-पुणे मार्ग पर और पूर्वी उपनगरों में भारी यातायात जाम लग गया।

'इंस्टाग्राम' पर साझा वीडियो में सोनाली ने सड़क की एक तरफ लगी वाहनों की लंबी कतारें दिखाईं। उन्होंने कहा कि यात्रियों को अधिकारियों से इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है कि जाम कब खत्म होगा। हम पिछले पांच घंटे से यहां फंसे हुए हैं। मैं पुणे जा रही हूं। हमने यातायात नियंत्रण टीम को फोन किया, जिसने धैर्य रखने को कहा, क्योंकि भारी जाम लगा हुआ है और उन्हें खुद नहीं मालूम कि यह कब तक खत्म होगा।

'दिल चाहता है', 'मिशन कश्मीर' और 'द गुड रोड' जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए जानी जाने वाली सोनाली ने कहा कि न तो आगे बढ़ने और न ही पीछे मुड़ने का विकल्प है। उन्होंने कहा कि हम आगे नहीं बढ़ सकते। हम पूरी तरह से फंस गए हैं और वापस भी नहीं लौट सकते। पुलिस, कृपया अगर आपको कुछ पता हो, तो दूसरी तरफ से आकर हमें बताएं कि क्या आप हमारी मदद कर सकते हैं या कोई जानकारी दे सकते हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi