नगर परिषद जीरकपुर के नवनियुक्त चेयरमैन गुरप्रीत सिंह विर्क ने शहर में लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़ा कदम उठाया है। पदभार संभालते ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों, मैकेनिकों और फील्ड कर्मचारियों के साथ विशेष बैठक कर निर्देश दिए कि अगले एक माह के भीतर जीरकपुर की सभी 16 हजार स्ट्रीट लाइटों को हर हाल में चालू किया जाए।
बैठक में चेयरमैन विर्क ने कर्मचारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा, 'मैं अधिकारियों का नहीं, बल्कि जनता का प्रतिनिधि हूं और लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना मेरी प्राथमिकता है।' उन्होंने वरिष्ठ कर्मचारियों से नए कर्मियों को प्रशिक्षण देने और टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर कर्मचारी सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। कार्य में तेजी लाने के लिए चेयरमैन ने मौके पर ही दो अतिरिक्त हाइड्रोलिक लिफ्ट वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ये वाहन अगले दो-तीन दिनों में ड्राइवरों सहित फील्ड में काम शुरू कर देंगे, जिससे खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य तेजी से पूरा किया जा सके।
