Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट के बाद दूंगा आरोपों का जवाब : चंपत राय

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने मंगलवार को राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा अंतिम रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद ही वह उनपर लगाए गए सभी आरोपों का जवाब देंगे।

राय ने 'राम भक्तों' को संबोधित करते हुए एक पत्र में लिखा, '7 जून को मंदिर की दान पेटियों से दान की गिनती के दौरान कथित चोरी की घटना के बाद से इस मामले को लेकर चर्चा जारी थी और उनके खिलाफ व्यक्तिगत रूप से निराधार आरोप लगाए गए।' उन्होंने कहा कि एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट ट्रस्ट की आम बैठक से पहले पेश की गई थी। राय ने कहा कि जिस रिपोर्ट को शुरुआत में 'अत्यंत गोपनीय' रखा गया था, उसे अब सार्वजनिक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एसआईटी द्वारा अंतिम रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद वह उठाए गए सभी मुद्दों पर बिंदुवार जवाब देंगे और 'पूरी सच्चाई' जनता के सामने आ जाएगी। राय ने अपनी पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन द्वारा प्रतिनियुक्त किए जाने के बाद वह अक्तूबर 1991 से अयोध्या में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्णकालिक प्रचारक के रूप में उनका 45 वर्षों का जीवन हमेशा 'एक खुली किताब' रहा है।

तीन आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजा

अयोध्या जिले की एक अदालत ने मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों में से तीन को मंगलवार को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इनमें अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे शामिल है।

ट्रस्ट के कार्य में किसी का हस्तक्षेप नहीं : योगी
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कामकाज में किसी का हस्तक्षेप नहीं है। योगी ने एसआईटी जांच के शुरुआती नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा, 'सपा और कांग्रेस से यह सवाल पूछा जाना चाहिए कि तुम लोगों को क्या अधिकार है? ट्रस्ट मंदिर की व्यवस्था का संचालन कर रहा है। उसके कार्य में किसी का हस्तक्षेप नहीं है।'

राम मंदिर को दान में मिली सभी वस्तुएं सुरक्षित : गोविंद गिरि
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने मंगलवार को बताया कि ट्रस्ट के पास अभी भक्तों की ओर से दान की गईं 30 किलो से अधिक सोने जैसी चीजें और 1518 किलो से अधिक चांदी की वस्तुएं सुरक्षित मौजूद हैं। गिरी ने बताया कि मंदिर को दान की गई सभी 2926 कीमती चीजें सुरक्षित हैं और उनका रिकॉर्ड रखा गया है। गिरि ने कहा कि ट्रस्ट के पास मौजूद चांदी में वे चीजें शामिल हैं, जिन्हें उनके मूल रूप में रखा गया है और साथ ही 849.272 किलो रिफाइंड चांदी भी शामिल है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi