Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

FII की खरीद और कच्चा तेल सस्ता होने से बाजार में तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी हरे निशान में

Sensex Nifty Today: घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में तेजी जारी रही। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयर में लिवाली, विदेशी पूंजी प्रवाह और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को समर्थन मिला।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 75.71 अंक चढ़कर 77,726.62 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 26.90 अंक की बढ़त के साथ 24,275.85 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), महिंद्रा एंड महिंद्रा और सन फार्मा के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे।

वहीं, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, इटर्नल और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे जबकि जापान का निक्की 225 बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 89.60 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 2,981.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 1.16 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए थे।

रुपया शुरुआती कारोबार में 13 पैसे मजबूत होकर 95.63 प्रति डॉलर पर

रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 13 पैसे मजबूत होकर 95.63 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी प्रवाह से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को यथावत रखने के बाद डॉलर सूचकांक में मजबूती के कारण रुपये की बढ़त सीमित रही। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.59 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में कुछ बढ़त गंवाकर 95.63 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव की तुलना में 13 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

रुपया बुधवार को छह पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.76 पर बंद हुआ था। इससे पहले मंगलवार को यह 17 पैसे की बढ़त के साथ 95.82 प्रति डॉलर पर रहा था। उससे पहले लगातार दो कारोबारी सत्रों में इसमें कुल 74 पैसे की मजबूती आई थी। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.79 पर रहा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi