हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रणौत ने अपनी फिल्मों के वीडियो क्लिप का इस्तेमाल कर उनकी आलोचना करने वालों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के वीडियो युवाओं को गुमराह कर रहे हैं और फिल्मी किरदारों को वास्तविक जीवन से जोड़ना सही नहीं है।
कंगना ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए लिखा कि उनकी फिल्मों के किरदारों और बड़े आयोजनों के वीडियो को इस तरह पेश किया जा रहा है, जिससे युवा गलत संदेश ले सकते हैं।
उन्होंने कहा, "आप मेरी उन फिल्मी भूमिकाओं के क्लिप इस्तेमाल कर रहे हैं, जिनके लिए मुझे लाखों रुपये मिलते हैं। ये बड़े शो बिजनेस इवेंट होते हैं, जहां मेरी टीम, सुरक्षा और आयोजक मौजूद होते हैं। क्या यह वही चीज है, जो कोई सड़क, स्कूल कार्यक्रम या छोटे क्लब में कर सकता है?"
कंगना ने आगे लिखा, "युवाओं को गुमराह न करें। यह एक जैसा नहीं है। आज आप दूसरों के बच्चों को गुमराह कर रहे हैं, कल यह आपके अपने बच्चों को प्रभावित करेगा।"
Gen Z प्रदर्शन को लेकर की थी टिप्पणी
कंगना रणौत पिछले कुछ दिनों से अपने उस बयान को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए Gen Z से जुड़े प्रदर्शनों पर टिप्पणी की थी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के वीडियो को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें "जनरेशन गटर" बताया था और कहा था कि ऐसे वीडियो "उल्टी आने जैसे" लगते हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि प्रदर्शन से जुड़े वीडियो में भाषा और प्रस्तुति का स्तर बेहद खराब नजर आ रहा है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनकी आलोचना की थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए फिल्मी क्लिप
कंगना के बयान के बाद कई यूजर्स ने उनकी फिल्मों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के पुराने वीडियो क्लिप साझा करते हुए उनकी टिप्पणियों पर सवाल उठाए थे। अब कंगना ने इन्हीं वीडियो के इस्तेमाल को लेकर सफाई दी है और कहा है कि मनोरंजन जगत की भूमिकाओं और वास्तविक जीवन के व्यवहार में अंतर होता है।
