यमुना तलहटी के गांव घसौली में करीब 4.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 33 केवी क्षमता का बिजलीघर श्ाुरू हो गया। विधायक देवेंद्र कादियान ने बटन दबाकर इसका शुभारंभ किया। एक एकड़ पंचायती जमीन पर बने इस बिजली घर के शुरू होने से घसौली समेत आसपास के 11 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को बिजली कटौती और ओवरलोडिंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक देवेंंद्र कादियान ने कहा कि सरकार क्षेत्र में बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। गर्मी के मौसम में गन्नौर शहर और गांवों में अघोषित बिजली कटों की समस्या सामने आती थी। इसे दूर करने के लिए गन्नौर पावर हाउस में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई गई है। अब घसौली बिजलीघर चालू होने से घसौली, रामनगर, चंदौली, उमेदगढ़, पबनेरा, धतूरी, बड़ी, सनपेड़ा, पिपली खेड़ा, खेड़ी तगा और शाहपुर तगा गांव को पहले से बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी। उन्होंने बताया कि बिजली घर में 10 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि गन्नौर क्षेत्र में तीन अन्य उद्देशीपुर, बजाना कलां व आहुलाना में भी बिजली घर भी बनकर तैयार है, जिन्हें जल्द चालू किया जाएगा। इनके शुरू होने के बाद क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती की समस्या काफी हद तक खत्म
हो जाएगी। इस अवसर पर सरपंच महेश त्यागी, एसडीओ सतीश गोयत, सुरेश जेई, प्रवीन जेई, सरपंच प्रमोद ढाका, सरपंच गुरमेल, सुंदरलाल, अरुण त्यागी आदि भी मौजूद रहे।
